दिल्ली। द्वारका साउथ थाना पुलिस ने एक तीन सदस्यीय गिरोह को गिरफ्तार किया है, जिसमें गिरोह का सरगना नाबालिग है। आरोपी कुछ घंटों के भीतर कई लूट और झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला रहे थे।
पुलिस टीम, जिसका नेतृत्व इंस्पेक्टर रमेश चंद कर रहे थे और जिसमें हेड कांस्टेबल प्रवीण यादव भी शामिल थे, ने 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपियों को सेक्टर-8, द्वारका में दबोचा, जब वे किसी नई वारदात को अंजाम देने जा रहे थे।
हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर दिखाते थे दबदबा
द्वारका जिला पुलिस के उपायुक्त अंकित कुमार सिंह के अनुसार, गिरोह के सदस्य इंटरनेट पर हथियारों के साथ फोटो पोस्ट करके अपना डर और दबदबा दिखाना चाहते थे। उनके कब्जे से एक पिस्टल, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें (अपाचे और स्प्लेंडर) बरामद की गई हैं।
एक ही रात में कई वारदातें
29 और 30 जनवरी की रात इस गिरोह ने सेक्टर-8, द्वारका में एक डिलीवरी ब्वाय को हथियार दिखाकर उसका मोबाइल लूट लिया। जांच में पता चला कि इसी रात गिरोह ने एक टैक्सी चालक को भी पीटकर उसका मोबाइल छीन लिया और उसके बाद लगातार चार अन्य लोगों से मोबाइल लूटे।
जेल में बंद बड़े भाई की राह पर नाबालिग सरगना
गिरोह का सरगना महज 17 वर्षीय किशोर है, जिसका बड़ा भाई एक कुख्यात अपराधी है और फिलहाल पुलिस पर फायरिंग के मामलों में जेल में बंद है। पुलिस ने दावा किया है कि इस गिरफ्तारी से लूट, झपटमारी और आर्म्स एक्ट के कुल छह मामले सुलझाए गए हैं।