जामताड़ा। नारायणपुर थाना क्षेत्र के धरमपुर गांव में रविवार की सुबह आठ बजे दिनदहाड़े गोलीबारी ने पूरे इलाके में भय और सनसनी फैलाकर लोगों को सकते में डाल दिया। जानकारी के अनुसार, दो सफेद अपाचे बाइक पर सवार तीन हथियारबंद लोगों ने नाश्ते की दुकान में बैठे युवक फुरकान पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चलाकर उसे मौत के घाट उतार दिया।

गोलियों की आवाज सुनकर जैसे ही आसपास के लोग घटना स्थल की ओर दौड़े, अपराधियों ने डर पैदा करने के लिए हवा में भी फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने तुरंत शुरू की जांच

मृतक के परिजनों और ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंचे। जामताड़ा एसडीपीओ विकास आनंद लागुरी के नेतृत्व में टीम ने चश्मदीदों से पूछताछ की और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया। मृतक का शव स्थानीय अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया।

विवाद और पूर्व घटनाएं

फुरकान के पिता नूर मोहम्मद और भाई शमसुल अंसारी ने बताया कि मृतक का गांव के ही कुछ लोगों के साथ लगभग एक महीने पहले विवाद हुआ था। इस मामले को पंचायत के जरिए सुलझा लिया गया था और एक लाख रुपये का जुर्माना तय किया गया था। फुरकान पहले अपनी गाड़ी चलाता था, लेकिन बाद में उसे बेच दिया। वह अब किसी और की गाड़ी चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। उसके तीन बेटे और एक बेटी है, बड़ी बेटी की शादी दो साल पहले ही हुई थी।

हत्या की पृष्ठभूमि

स्थानीय लोगों और विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, अपराधियों ने फुरकान की दिनदहाड़े हत्या पहले से योजना बनाकर की थी। ऐसा माना जा रहा है कि कुछ लोगों को शक था कि फुरकान पुलिस का मुखबिर था और उसकी वजह से हाल के महीनों में कुछ अपराधियों की गिरफ्तारी हुई थी।

फॉरेंसिक जांच और आगे की कार्रवाई

एसडीपीओ विकास आनंद ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य इकट्ठे किए हैं और चश्मदीदों के बयान के आधार पर सुराग मिले हैं। फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फुरकान को तीन गोलियां बेहद करीब से मारी गई थीं। पुलिस अब अपराधियों की धरपकड़ में जुटी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।