पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर क्षेत्र में रोड रेज की एक गंभीर घटना सामने आई है, जिसमें मामूली सी टक्कर के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसा तक पहुंच गया।

जानकारी के अनुसार, 7 अप्रैल की रात करीब 10 बजे तिलक नगर के मुख्य बाजार स्थित सिंगला रेस्टोरेंट के सामने यह घटना हुई। चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अभिनव अरोड़ा के पिता तरुण राज अरोड़ा अपनी कार से गुजर रहे थे, तभी उनकी गाड़ी हल्के से एक मोटरसाइकिल से टकरा गई। बताया जा रहा है कि उस समय कार में स्वयं अभिनव अरोड़ा भी मौजूद थे।

टक्कर के बाद मौके पर मौजूद मोटरसाइकिल सवार पक्ष ने इसे लापरवाही से ड्राइविंग बताते हुए विरोध शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गया। स्थिति बिगड़ने पर आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने कार पर हमला कर दिया और वाहन के बोनट व शीशों पर कड़े से वार किए।

इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बहस और हंगामे के दौरान स्थिति तनावपूर्ण दिखाई देती है। गनीमत यह रही कि इस झड़प में किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। इसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों को हिरासत में लिया और उन्हें दो दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।