दिल्ली के पश्चिमी जिले के जनकपुरी इलाके में शनिवार शाम एक बैंक्वेट हॉल में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना जनकपुरी पेट्रोल पंप के सामने स्थित एसके प्रेशियस बैंक्वेट हॉल में हुई। हालांकि दमकल विभाग और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण आग को समय रहते काबू में कर लिया गया और बड़ा नुकसान टल गया।

5:22 बजे कंट्रोल रूम को मिली सूचना

फायर विभाग के मुताबिक, शाम 5:22 बजे कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही विभिन्न फायर स्टेशनों से चार दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग की लपटें उठते ही हॉल में मौजूद लोगों में घबराहट फैल गई, लेकिन राहत कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया।

जनकपुरी थाना घटनास्थल के पास होने के कारण पुलिस टीम भी कुछ ही मिनटों में पहुंच गई। असिस्टेंट डिविजनल ऑफिसर आरके यादव और सब ऑफिसर बद्री प्रसाद के नेतृत्व में दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे की मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया।

कोई हताहत नहीं, कारणों की जांच जारी

सबसे राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बताया जा रहा है कि आग लगने के समय हॉल में एक कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी और लोग इकट्ठा होना शुरू हो चुके थे। समय पर कार्रवाई के कारण सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।