नई दिल्ली। महाराष्ट्र की राजनीति पर नई दिल्ली में बैठक हुई। राष्ट्रवादी कांग्रेस प्रमुख के मुखिया शरद पवार के आवास पर एनसीपी की बैठक हुई। इसमें एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल, अजीत पवार, सुप्रिया सुले और जयंत पाटिल शामिल हुए। बैठक से पहले राकांपा अध्यक्ष ने कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, देशमुख पर फैसला करेंगे।

उनकी टिप्पणी राज्य के राजनीतिक गलियारों में चल रही इन अटकलों के बीच आई है कि महाराष्ट्र को शीघ्र ही नया गृहमंत्री मिल सकता है। शरद पवार ने कहा कि सिंह द्वारा देशमुख के विरुद्ध लगाए गए आरोप गंभीर है और उनकी गहन जांच जरूरी है। यहां शरद पवार के निवास पर यह बैठक प्रारंभ होने से पहले शिवसेना नेता संजय राउत भी उनसे मिले।

उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के समीप विस्फोटक सामग्री वाला वाहन के मिलने के बाद सचिन वाजे की गिरफ्तारी के उपरांत वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सिंह को मुम्बई के पुलिस आयुक्त पद से हटाकर होमगार्ड में भेज दिया गया।

परमबीर सिंह ने दावा किया है कि देशमुख चाहते थे कि पुलिस अधिकारी मुम्बई में बार एवं होटलों से हर महीने 100 करोड़ रुपए की वसूली करें। राकांपा शिवसेना एवं कांग्रेस के साथ महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी सरकार में शमिल है। बड़े नेताओं की बैठक के बाद जयंत पाटिल ने साफ कर दिया कि गृह मंत्री अनिल देशमुख का इस्तीफा नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनिल देशमुख के इस्तीफे की जरूरत नहीं।

उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण अपराधों से ध्यान हटाने का प्रयास है। महाराष्ट्र एटीएस और एनआईए जांच से महत्वपूर्ण चीजें सामने आएंगी।