दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब पंजाबी गायक गुरु रंधावा के जिम के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हमलावरों ने करीब सात राउंड गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
जिम के शीशे टूटे, इलाके में दहशत
फायरिंग के दौरान चली गोलियों से जिम के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
सोशल मीडिया पर वायरल दावे
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल होने लगी, जिसमें कथित रूप से लॉरेंस बिश्नोई गैंग द्वारा हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। इसके साथ ही एक ऑडियो क्लिप भी तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें एक व्यक्ति खुद को गैंग से जुड़ा बताते हुए हमले का कारण कथित तौर पर सलमान खान से जुड़ी नजदीकियां बताया रहा है।
हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वायरल पोस्ट और ऑडियो की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और इनकी जांच की जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और सोशल मीडिया पर वायरल दावों की सत्यता भी जांच के दायरे में है। जांच पूरी होने के बाद ही फायरिंग के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी।