लखनऊ/नई दिल्ली। गुरुवार रात दिल्ली में मौसम अचानक बिगड़ने के कारण हवाई यातायात पर असर पड़ा। खराब दृश्यता और मौसम की स्थिति को देखते हुए तीन उड़ानों को लखनऊ एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना पड़ा।
इंडिगो की बैंकॉक–दिल्ली फ्लाइट (6E 1054) रात 12:18 बजे लखनऊ में उतरी और बाद में सुबह 7:56 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई। वहीं गुवाहाटी–दिल्ली फ्लाइट (6E 6317) रात 12:26 बजे लखनऊ पहुंची और सुबह 3:21 बजे उड़ान भर सकी। इसके अलावा नागपुर–दिल्ली फ्लाइट (6E 6573) रात 12:42 बजे लैंड हुई और 3:12 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई।
यूपी में मौसम का बदला मिजाज, कई जिलों में आंधी-बारिश
उत्तर प्रदेश में भी गुरुवार को मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिले। राजधानी लखनऊ में दिनभर तेज धूप रही, जिससे अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं गोरखपुर, मेरठ समेत करीब 52 शहरों में आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई।
बरेली में बुधवार देर रात 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और बारिश ने मौसम का रुख बदल दिया।
16 जून तक मौसम अलर्ट, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में पिछले 24 घंटे में औसतन 4.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं।
पूर्वानुमान के मुताबिक 16 जून तक प्रदेश के पूर्व से पश्चिम तक कई जिलों में आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, जबकि पूर्वी यूपी के दो दर्जन से अधिक जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।
तापमान में गिरावट और मानसून की समय पर दस्तक की उम्मीद
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून इस बार भी अपने निर्धारित समय यानी 20 जून के आसपास प्रदेश में प्रवेश कर सकता है और इसके बाद 10 दिनों के भीतर पूरे उत्तर प्रदेश में फैलने की संभावना है।
राहत भरा बदलाव
झांसी समेत कुछ इलाकों में गुरुवार को अचानक मौसम ने करवट ली, तेज हवाओं और बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।