दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित विधानसभा परिसर से राजघाट तक आयोजित ‘तिरंगा साइक्लोथॉन’ की शुरुआत की। यह आयोजन विशेष रूप से लड़कियों को समर्पित था। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कांग्रेस के नेता राहुल गांधी पर परोक्ष रूप से हमला बोला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले शायद ही किसी प्रधानमंत्री को हाथ में तिरंगा लेकर जनता का नेतृत्व करते देखा गया हो। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेताओं ने स्वतंत्रता से पहले ही तिरंगे का महत्व छोड़ दिया था। बिना नाम लिए राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए गुप्ता ने कहा कि आज कुछ लोग संविधान की प्रति अपने पास रखते हैं, लेकिन उनके हाथों में तिरंगा नहीं दिखता। यही लोग देश की आजादी का श्रेय लेते हैं, पर अब राष्ट्र की एकता में उनका विश्वास नहीं है।
रेखा गुप्ता ने कहा कि तिरंगे का असली अर्थ तब पूरा होगा जब देश की बेटियों को पूर्ण स्वतंत्रता और समान अवसर मिलेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को राष्ट्रीय पर्व को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री आशीष सूद के साथ मुख्यमंत्री ने साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाई। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की ‘हर घर तिरंगा बाइक रैली’ को भी केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू, केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और कई सांसदों ने रवाना किया।