दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर राजधानी में बढ़ते जल संकट पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि मानसून के बीच भी दिल्ली के कई इलाकों में नलों से पानी नहीं आ रहा, जबकि सड़कों पर जलभराव लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। आतिशी ने इसे भाजपा सरकार की खराब योजना और प्रबंधन की असफलता करार दिया।
आतिशी ने बताया कि कालकाजी, बदरपुर, ओखला, दक्षिण और मध्य दिल्ली सहित कई क्षेत्रों में नलों से पानी पूरी तरह गायब हो चुका है। उन्होंने सवाल उठाया कि मानसून में ही यह स्थिति है तो आने वाली गर्मियों में हालात कितने गंभीर होंगे। उन्होंने भाजपा की चार इंजन सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि जनता से किए गए वादे पूरे नहीं किए जा सके। भारी बारिश के बावजूद राजधानी में पानी की कमी गंभीर चिंता का विषय है। आतिशी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और दिल्ली जल बोर्ड ने जल आपूर्ति सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए।