हरियाणा में चार बजे तक 52.8% मतदान

हरियाणा में आज विधानसभा चुनाव है। सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है। शाम छह बजे तक वोट डाले जाएंगे। वोटिंग के लिए बीस हजार से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 

झज्जर में पांच बजे तक मतदान

  • बादली – 64.1
  • बहादुरगढ़ – 61.1
  • बेरी – 59.8
  • झज्जर – 59.8
  • कुल – 61.2

वोट डालने के बाद ईवीएम से नहीं आई आवाज तो व्यक्ति ने तीन बार उठाकर पटका, पुलिस ने लिया हिरासत में

महेंद्रगढ़ शहर के बूथ नंबर 128 पर चार के करीब पुलिस ने एक व्यक्ति को ईवीएम मशीन पटकने पर काबू किया है। शहर के वार्ड नंबर 13 निवासी जगदीश शाम को करीब चार बजे जब बूथ नंबर 128 पर वोट डालने पहुंचा। मतदान करने के बाद जब ईवीएम मशीन से बीप की आवाज नहीं आई तो मशीन को जोर-जोर से थपथपाने लगा। इसी दौरान पोलिंग पार्टी ने ईवीएम को क्षति पहुंचाने की शंका के चलते बाहर तैनात पुलिस कर्मचारियों का सहारा लिया। पुलिस कर्मचारियों ने बूथ पर पहुंचकर जगदीश को हिरासत में ले लिया। बताया जा व्यक्ति जगदीश को मतदान के दौरान ईवीएम से बीप की आवाज नहीं आने पर मत को लेकर संदेह हुआ था इसी के चलने उसने मशीन को थपथपाया था।

भाजपा मंत्री जेपी दलाल की कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से तीखी नोंक-झोंक

हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान लोहारू में भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंत्री जेपी दलाल की कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ तीखी नोंक-झोंक हो गई। चुनावी माहौल के बीच यह घटना उस समय हुई जब जेपी दलाल एक मतदान केंद्र का दौरा करने पहुंचे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और उनके नेताओं के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ गई। स्थिति तनावपूर्ण होते देख प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया।

जेपी दलाल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया कि वे चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने और माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे थे। वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि भाजपा नेता जनता के बीच जाकर अपने पद का दुरुपयोग कर रहे हैं, जिससे निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर असर पड़ सकता है।

जींद जिले में पांच बजे तक कुल मतदान 61.6

विधानसभा क्षेत्र                   वोट प्रतिशत
जींद                                     57.4
जुलाना                                  68.6
नरवाना                                 59.4
सफीदों                                 58.6
उचाना कलां                          64.4

रोहतक में 4 बजे तक 52.6% मतदान

विधानसभा क्षेत्र       वोट प्रतिशत
महम                     58.1%   
गढ़ी सांपला-किलोई 54.8 %
रोहतक शहर            47.8%
कलानौर                   48.8%

इंद्री विधानसभा में हलवाना में भाजपा और कांग्रेस समर्थकों में झड़प

इंद्री विधानसभा के गांव हलवाना में मतदान के दौरान भाजपा और कांग्रेस समर्थकों के बीच गहमागहमी की स्थिति पैदा हो गई। बूथ पर बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी राकेश कांबोज एक व्यक्ति को बूथ से बाहर जाने का आदेश देते दिख रहे हैं। वहीं, दूसरा व्यक्ति कह रहा है कि वह वोट डालने आया है और वोट डालकर ही जाएगा।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि राकेश कांबोज के साथ आए भाजपा समर्थकों ने नारेबाजी करके माहौल को खराब किया। दूसरी तरफ, राकेश कांबोज के समर्थकों का दावा है कि एक व्यक्ति बूथ पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहा था, और राकेश उसे बाहर जाने के लिए कह रहे थे।

इस बीच, खेड़ी मान सिंह गांव में एक दलित युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में पीड़ित युवक ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उस पर कांग्रेस के पक्ष में वोट डालने का दबाव बना रहे थे। जब उसने मना किया, तो उसके साथ मारपीट की गई। युवक ने अपना मेडीकल करवाकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।

बिना स्याही लगवाए ही दे दिया वोट, पार्टी बैज भी नहीं दिया हटाने

रोहतक के टिटौली पीएम श्री विद्यालय में बनाए गए बूथ केंद्र में शनिवार को मतदान के दौरान एक बुजुर्ग मतदाता हवा सिंह (80) एक पार्टी का बैज लगाकर मतदान करने पहुंचे। पोलिंग एजेंट ने उन्हें बैज हटाने के लिए कहा लेकिन उन्होंने बैज नहीं हटाया। इसके बजाय उन्होंने बैज को परने से ढक दिया। साथ ही ईवीएम (इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन) पर मतदान करने से पहले लगाए जाने वाली स्याही भी नहीं लगाई। यह स्याही एक प्रकार से मतदाता मतदान कर चुका है, इसका सबूत होता है। ज्ञात हो कि मतदान केंद्र के अंदर पार्टी का सिंबल लगाकर मतदाता नहीं आ सकता है। ऐसे में यह प्रशासन पर गंभीर प्रश्न उठाता है। बुजुर्ग का कहना है कि वह स्याही लगाए बिना वोट करते हैं।

डाटा गांव में बूथ नंबर 69 पर फर्जी मतदान को लेकर दो पक्षों में झड़प

नारनौंद विधानसभा क्षेत्र के गांव डाटा के बूथ नंबर 69 पर आज फर्जी मतदान को लेकर दो पक्षों में झड़प हो गई, जिसमें कुछ लोगों को हल्की चोटें भी आई हैं। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर फर्जी वोट डलवाने के आरोप लगे हैं, जिसके चलते विवाद शुरू हुआ।

घटना तब हुई जब कुछ लोग फर्जी मतदान का वीडियो बनाने लगे, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ता भड़क उठे। इसी बीच, इनेलो के बूथ एजेंट कुलदीप ने माहौल शांत कराने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई।

घटना के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई, लेकिन स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया। घायल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार दिया गया है, और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जगाधरी में अब तक सबसे ज्यादा मतदान

प्रदेश में सिर्फ जगाधरी में वोट फीसदी अब तक सबसे ज्यादा है। चार बजे तक यहां 61.10 फीसदी मतदान हुआ है। जगाधरी के वोटर्स का उत्साह बरकरार है।

अंबाला जिले में विधानसभा क्षेत्र का वोट प्रतिशत

अंबाला जिले में शाम 4 बजे तक 54.4 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है। सबसे ज्यादा मुलाना में 58.5 प्रतिशत, नारायणगढ़ में 58.3 प्रतिशत और जबकि अंबाला सिटी में 50.6 और अंबाला कैंट में 50.9 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है।

हरियाणा चार बजे तक 52.8% मतदान

पानीपत में चार बजे तक कुल 54.5% मतदान
पानीपत ग्रामीण 55.5%
पानीपत शहर 49.2%
इसराना(26) 54.9%
समालखा. 58.3%

बोगस वोट डालने को लेकर दो पक्षों में चले चाकू, तीन घायल

पानीपत के नोहरा गांव में बोगस वोट डालने को लेकर कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ताओं में जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों में चाकू भी चले। चाकू लगने से तीन युवक घायल हो गए। इस घटना पर पुलिस व अर्धसैनिक बल के जवान मौके पर पहुंचे और बीच बचाव कराया। तब तक आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घायलों को जिला नागरिक अस्पताल लाया गया। इनके मेडिकल परीक्षण के बाद इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।

नोहरा गांव निवासी सुरेंद्र ने बताया कि मतदान के दौरान दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे गांव का ही कमल उर्फ पप्पू कांग्रेस के बोगस वोट डाल रहा था। यहां भाजपा के एजेंट सेठपाल ने उसको ऐसा करने से रोका। इसके बाद भी वह नहीं माना। दोनों में कहासुनी हो गई। गांव के सोनू उर्फ मोटा ने भी कमल को ऐसा करने से रोका। कमल के इशारे पर बलबीर, जोनी व सन्नी ने कॉल कर यहां काफी युवकों को बुला लिया। इन्होंने सोनू , सेठपाल व सतबीर पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में यह घायल हो गए। फिर आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इस दौरान लगभग 15 मिनट तक मतदान भी प्रभावित रहा।

जींद जिले में चार बजे तक मतदान

विधानसभा क्षेत्र           वोट प्रतिशत
जींद                             52.2
जुलाना                          62.3
नरवाना                          54.2
सफीदों                          58.2
उचाना कलां                    57.6
जिले में औसतन मतदान    56.8

3 तीन बजे तक हरियाणा में 49.13% मतदान हुआ

चुनाव आयोग के 3 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार हरियाणा में 49.13% मतदान हुआ है। सबसे ज्यादा वोटिंग 56.79% यमुनानगर, उसके बाद नूंह में 56.59 और पलवल में 56.02 प्रतिशत वोटिंग हुई। सबसे कम वोटिंग 38.61 प्रतिशत गुरुग्राम में हुई।

कांग्रेस कार्यकर्ता के साथ कथित छेड़छाड़ पर बोले कार्यवाहक सीएम

कांग्रेस की एक रैली में मंच पर कांग्रेस कार्यकर्ता के साथ कथित छेड़छाड़ के प्रयास पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह कांग्रेस के डीएनए में है। ये किसी का सम्मान नहीं करते। ये महिलाओं, दलित समाज, युवाओं, गरीबों का सम्मान नहीं करते। हमारी सरकार मजबूती से ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। अगर कोई आवेदन आता है तो हम जरूर कार्रवाई करेंगे।

सोनीपत में दोपहर 3 बजे तक हुआ 45.2 फीसदी मतदान

विधानसभा क्षेत्र   वोट फीसद
बरोदा                 46.6
गन्नौर                  47.4
गोहाना                 45.9
खरखौदा               43.0
राई                      49.3
सोनीपत                40.1

नारायणगढ़ में सबसे ज्यादा 56.5 प्रतिशत

अंबाला जिले में दोपहर 3 बजे तक 50.7 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है। नारायणगढ़ में सबसे ज्यादा 56.5 प्रतिशत और मुलाना में 53.9 प्रतिशत, जबकि अंबाला सिटी में 46.8 और अंबाला कैंट में 46.6 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है.

नूंह जिले में 49.1 फीसद मतदान

नूंह जिले की नूंह विधानसभा क्षेत्र में 53.2 फीसद, फिरोजपुर झिरका विधानसभा क्षेत्र में 53.2 फीसद, पुन्हाना विधानसभा क्षेत्र में 44.8 फीसद मतदान हुआ है। वहीं, इन आंकड़ों के अनुसार जिले का कुल 49.1 फीसद मतदान रहा है।

कांग्रेस प्रत्याशी चिरंजीव राव के पिता कैप्टन अजय सिंह यादव ने किया अभद्र भाषा का प्रयोग

रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी चिरंजीव राव के पिता कैप्टन अजय सिंह यादव गांव लिसाना के मतदान केंद्र पर पहुंचे। इस दौरान वह कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रहे थे, जब वापस जाने लगे तो ग्रामीणों के साथ किसी बात को लेकर बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ गई की कप्तान अजय यादव अपने आप पर नियंत्रण नहीं रख पाए और अभद्र भाषा का उपयोग कर दिया। 

मौके का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। वीडियो में कप्तान अजय सिंह यादव लोगों के साथ अभद्र भाषा का उपयोग करते हुए नजर आ रहे हैं। अजय सिंह यादव ने अभद्र भाषा का उपयोग लगातार जारी रखा। मौके पर मौजूद लोगों ने पूछा कि आपको मंत्री किसने बनाया था। इसके बाद कुछ समय तक हंगामा होता रहा, जैसे तैसे लोगों ने बीच बचाव किया। बता दें कि कैप्टन अजय सिंह यादव रेवाड़ी विधानसभा से 6 बार विधायक रह चुके हैं और हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री के रूप में भी कार्यभार संभाल चुके हैं। अजय सिंह मौजूदा समय में कांग्रेस ओबीसी सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं।

सोनीपत में अंतरराष्ट्रीय खेल प्रशिक्षकों ने भी किया मतदान

सोनीपत के अंतरराष्ट्रीय खेल प्रशिक्षकों ने लोकतंत्र में अपना कर्तव्य निभाते हुए अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर जाकर वोट डाला। प्रशिक्षकों ने बताया कि सभी नागरिकों व खासकर खिलाड़ियों को मतदान अवश्य करना चाहिए, जिससे खिलाड़ी ऐसे प्रत्याशी को चुनकर विधानसभा में भेज सके जो उनकी आवाज बनें।

ध्यानचंद एवं भीम अवार्डी अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक कुलदीप मलिक ने अपने पैतृक गांव खानपुर कलां में पहुंचकर अपना मत डाला। उन्होंने बताया कि हमें मतदान वाले दिन को को एक छुट्टी का दिन नहीं, जिम्मेदारी निभाने का दिन सोचना चाहिए। सभी को बढ़- चढ़कर मतदान करना चाहिए। वहीं सोनीपत के सेक्टर-23 में द्रोणाचार्य अवार्डी प्रशिक्षक रामबीर सिंह खोखर ने मतदान केंद्र पर जाकर अपना मत डाला।

उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को मतदान जरूर करना चाहिए। ऐसे प्रत्याशी को चुनना चाहिए जो क्षेत्र की समस्याओं के साथ खेलों को बढ़ावा दें। साथ ही भारतीय खेल प्राधिकरण की प्रशिक्षक मंजीत रानी व भारतीय रेलवे टीम के प्रशिक्षक पहलवान राजबीर छिक्कारा ने भी गांव जुआं में मतदान किया। कुश्ती प्रशिक्षक अजय मलिक ने गांव खानपुर कलां में मतदान किया।

सोनीपत में दो जगह फर्जी वोट डालने का मामला आया सामने

सोनीपत की सिक्का कॉलोनी में फर्जी वोट डालने का मामला सामने आया है। फर्जी वोट डलने के बाद मतदान केंद्र के बाहर विरोध स्वरूप लोगों की भीड़ एकत्रित होने लगी है। जनता कॉलोनी निवासी ईशवंती ने निर्वाचन आयोग व ड्यूटी मजिस्ट्रेट को शिकायत पत्र भी लिखा है। ईशवंती ने बताया कि वह विजय हाई स्कूल में बूथ संख्या 84 पर मतदान करने के लिए पहुंची तो उन्हें बताया गया कि आपकी वोट डल चुकी है।

ईशवंती का आरोप है कि उन्होंने मतदान नहीं किया है, उनकी जगह किसी और ने उनकी वोट डाली है। यह उनके मौलिक अधिकाराें का हनन है। उन्होंने मांग की है कि उनकी वोट डलवाई जाए। अन्यथा विजय हाई स्कूल में बनाए गए बूथ को रद्द कराया जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियाें के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

वहीं, सुदामा नगर निवासी रानी देवी ने बताया कि वह मतदान करने के लिए जीवीएम महाविद्यालय के बूथ संख्या 17 पर मतदान करने पहुंची तो पता चला कि उनकी जगह पहले ही मतदान किया जा चुका है। रानी देवी ने मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी है।

भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉक्टर सतीश पूनिया पहुंचे प्रदेश कार्यालय, वाररूम से लिया मतदान का अपडेट

भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉक्टर सतीश पूनिया शनिवार दोपहर प्रदेश कार्यालय पहुंचे और वाररूम में 90 विधानसभाओं क्षेत्रों का टीम से अपडेट लिया। पूनिया ने मंगलवार रात को अचानक पेट में दर्द की शिकायत की थी। उनको निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उनका अपेंडिक्स का ऑपरेशन हुआ। वीरवार को उनको अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी। अब शनिवार को प्रदेश कार्यालय पहुंचे हैं। इससे पहले मोबाइल पर ही प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्र नाथ शर्मा व सुरेंद्र पूनिया और दूसरे नेताओं से बात करके चुनाव की रणनीति बनाने में व्यस्त रहे।

रेवाड़ी में बूथ पर खराब ईवीएम मशीन का बदलाव

रेवाड़ी के बावल विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 183 पर खराब ईवीएम मशीन को बदल दिया गया है, जिसके बाद मतदान पुनः सुचारू हो गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मतदान प्रक्रिया आधे घंटे से लेकर 40 से 50 मिनट तक बाधित रही। मामले की जानकारी मिलते ही उच्च अधिकारियों ने स्थिति का संज्ञान लिया और तुरंत कार्रवाई करते हुए मशीन को बदलने का निर्णय लिया। अब मतदान प्रक्रिया फिर से शुरू हो गई है।

कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नायब सिंह सैनी ने किया बूथ निरीक्षण

लाडवा विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने के लिए भाजपा प्रत्याशी और कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहुंचे। उन्होंने मतदान प्रक्रिया की तैयारी और बूथ पर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

रोहतक शहर के कांग्रेस व भाजपा प्रत्याशियों ने डाली परिवार संग वोट

रोहतक से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी भारत भूषण बतरा व भाजपा प्रत्याशी मनीष ग्रोवर ने अपने-अपने बूथों पर मतदान किया। बतरा ने मतदान के बाद कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी रही है और भूपेंद्र सिंह हुड्डा मुख्यमंत्री बनेंगे। शहर के विकास के लिए मतदाता वोट डाल रहा है। वहीं, भाजपा प्रत्याशी मनीष ग्रोवर ने कहा कि रोहतक का मतदाता डबल इंजन की सरकार के लिए मतदान कर रहा है। क्योंकि उसे विकास चाहिए। महम हुई घटना पर ग्रोवर ने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से मतदान होना चाहिए।

मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने पर हंगामा

रोहतक जिला विकास भवन के पास सिंचाई विभाग में बने मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन अंदर ले जाने को लेकर हंगामा हो गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस पर आपत्ति जताई। सूचना पाकर बार के पूर्व प्रधान लोकेंद्र फौगाट उर्फ जोजो और कांग्रेस प्रत्याशी भारत भूषण बतरा मतदान केंद्र पर पहुंचे और पुलिस व मतदान केंद्र के अधिकारियों से बात की। जोजो ने बताया कि मतदान केंद्र के अधिकारियों ने कहा है कि गलती से एक बच्चा मोबाइल ले आया था। जरूरत पड़ी तो वे आयोग में शिकायत दर्ज करवाएंगे। बाकी मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है।

पूर्व सीएम ओपी चौटाला बोले- इनेलो बनाएगा सरकार 

पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने सिरसा के गांव चौटाला में मतदान किया। मतदान करने के बाद पत्रकारों से कहा कि हरियाणा प्रदेश में इनेलो और बसपा की सरकार बनेगी। कांग्रेस की सरकार बनने के दावे पर वे बोले कि दावा करने वाला दावा करता ही है। इनेलो सरकार बनाएगा।

दोपहर एक बजे तक 36.69 फीसदी वोटिंग

हरियाणा में दोपहर एक बजे तक 36.69 फीसदी वोटिंग हुई है। मेवात में सबसे अधिक 42.64 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं पंचकूला में सबसे कम 25.89 प्रतिशत वोटिंग हुई है।

बालसमंद के बूथ 167 पर 40 मिनट मशीन खराब रही

बालसमंद के बूथ 167 पर 40 मिनट लेट पोलिंग शुरू हुई। ईवीएम मशीन में आई तकनीकी खामी के कारण 7 बजे पोलिंग शुरू न होकर 7 बजकर 40 मिनट पर पोलिंग शुरू हुई। 40 मिनट मतदाता लाइन में खड़े रहे।

जिले के कई पोलिंग बूथ पर सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने मतदाताओं को मोबाइल फोन अंदर ले जाने से रोका। गांव सीसवाला के बूथ 21,22,23 और आर्य नगर के बूथ नंबर 133,134,135 पर मोबाइल मतदान केंद्र के बाहरी गेट पर ही बाहर रखने की हिदायत दी।

कलायत में कांग्रेस और आजाद प्रत्याशी भिड़े

कलायत के सेरधा गांव में कांग्रेस और आजाद प्रत्याशी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे हैं। स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

नूंह में कांग्रेस-इनेलो समर्थकों के बीच पथराव

नूंह के चंदेनी गांव में बूथ के पास कांग्रेस और इनेलो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच पथराव हुआ। मामला शांत करवाकर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं मेवात के गांव ख्वाजली कला में फर्जी वोट को लेकर विवाद में कई लोग चोटिल हो गए। बूथ नंबर एक पर झगड़ा हुआ था।

हिसार में भिड़े कांग्रेस-भाजपा प्रत्याशी समर्थक

हिसार के खांडा खेड़ी गांव में पूर्व वित्त मंत्री व नारनौंद से भाजपा प्रत्याशी कैप्टन अभिमन्यु और कांग्रेस प्रत्याशी जस्सी पेटवाड़ के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात घूंसे चले। पुलिस ने बीच बचाव करके दोनों पक्षों को छुड़वाया। नारनौंद के खांडा खेड़ी गांव में बने शहीद भगत सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के बूथ पर हंगामा हुआ।

अशोक तंवर बोले-कांग्रेस को बड़ी सफलता मिलेगी

कांग्रेस नेता अशोक तंवर ने सिरसा में मतदान किया। मतदान के बाद तंवर ने कहा कि बदलाव का माहौल है। सब लोग कह रहे हैं कि हाथ बदलेगा हालात…बड़ी सफलता कांग्रेस को मिलेगी। 

रोहतक में गर्म होने से ईवीएम खराब

रोहतक में गर्मी के कारण मतदान प्रभावित हो रहा है। 34 डिग्री तापमान के बीच दोपहर 12 बजे तक जिले में मात्र 25 प्रतिशत मतदान ही हो सका। इसमें सबसे ज्यादा महम हलके में 27.8 प्रतिशत पोलिंग हुई है। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के हलके गढ़ी सांपला-किलोई में सबसे अधिक 27.3 प्रतिशत, कलानौर में 25.8 व सबसे कम रोहतक शहर में मात्र 22.8 प्रतिशत मतदान हुआ है। 
महम के गांव समर गोपालपुर के राजकीय स्कूल में बने मतदान केंद्र के तीन बूथ में एक ईवीएम मशीन खराब हो गई। उसकी चेकिंग की गई तो पता चला कि गर्मी के कारण मशीन ज्यादा गर्म हो गई। 20 मिनट तक मतदान प्रभावित रहा।

गुरुग्राम और पटाैदी में कांग्रेसी उम्मीदवारों ने डाला वोट

गुरुग्राम से कांग्रेस उम्मीदवार मोहित ग्रोवर और पटाैदी में कांग्रेस प्रत्याशी पर्ल चौधरी ने मतदान किया। फरीदाबाद राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भाकरी में मतदान करने के लिए अब भी लोगों की लंबी लाइन लगी हुई है। वहीं सेक्टर 108 सोसाइटियों से दूर पावला खुसरूपुर के बूथ पर वोटिंग करने बहुत कम लोग पहुंचे।

रेल मंत्री ने किया मतदान

रेल मंत्री ने बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में वोट डाला।

महिला को मिली कैंडिडेट की तस्वीर लगी परची, हंगामा

गुरुग्राम सिटी थाना क्षेत्र में जांगिड़ ब्राह्मण स्कूल में महिला की पर्ची पर विवाद हो गया। पर्ची पर कैंडिडेट की तस्वीर लगी हुई थी। एसीपी व डीपी मौके पर पहुंच गए हैं।  वहीं सेक्टर 29 थाना क्षेत्र में मारुति बिहार के कम्युनिटी सेंटर में ईवीएम मशीन खराब होने से एक घंटा 5 मिनट बाद मतदान शुरू हुआ। वजीराबाद के बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में ईवीएम मशीन खराब होने से 30 मिनट बाद मतदान शुरू हुआ।

एक हजार वालंटियर्स कर रहे मदद

गुरुग्राम में प्रशासन ने बुजुर्गों व दिव्यांग मतदाताओं की सहायता के लिए करीब एक हजार अर्बन बूथ पर वालंटियर्स लगाए। स्कूल-कॉलेजों के एनसीसी-एनएसएस के 2000 वालंटियर्स मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की मतदान में सहायता कर रहे हैं। बुजुर्गों और दिव्यांगजन मतदाताओं में पिक एन्ड ड्राप और मतदान केंद्र पर मिली प्राथमिकता के लिए जिला प्रशासन और निर्वाचन आयोग का आभार जताया।

बुजुर्ग ने मांगी व्हील चेयर, सुरक्षाकर्मी ले आए कुर्सी  

केएल मेहता दयानंद सीनियर स्कूल नेहरू ग्राउंड में मतदान करने आई बुजुर्ग महिला ने केंद्र के अंदर जाने के लिए व्हील चेयर मांगी तो सुरक्षाकर्मी कुर्सी लेकर आ गए। महिला के परिजनों के पूछने पर बताया कि व्हील चेयर नहीं है। जिसके बाद बुजुर्ग महिला साथ आई महिला के कंधे का सहारा लेकर वोट डालने अंदर गई।

अंबाला में मतदान केंद्र के दौ सौ मीटर दायरे में लगे टेंट मजिस्ट्रेट ने हटाए 

अंबाला छावनी के 12 क्रॉस रोड स्थित कम्यूनिटी सेंटर के बाहर बने 155, 156, 157 नंबर मतदान केंद्र के दो सौ मीटर के दायरे में लगे अलग-अलग पार्टियों के टेंटों को लेकर सुबह करीब 10 बजे विवाद हो गया। नियमों को ताक पर रखकर लगे भाजपा, इनेलो व एक आजाद प्रत्याशी के टेंटों की शिकायत कांग्रेस प्रत्याशी ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट को की थी। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे दो सौ मीटर की निशानदेही कर तीन टेंट को पीछे करवाया जो सीमा के अंदर लगे हुए थे। इस बीच शिकायतकर्ता व दूसरी पार्टियों के कार्यकर्ताओं काफी बहस भी हुई थी। मौके पर अंबाला कैंट थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे। दूसरी पार्टियों के कार्यकर्ताओं का कहना था कि यह टेंट चुनाव से एक दिन पहले ही लग गए थे। उस समय दूरी का अंदाजा नहीं था। अगर इन्हें हटाना था तो पहले ही हटा दिया जाता। अब मतदान के दौरान इन्हें हटाने में काफी समय लग जाएगी। इसलिए इन्हें न हटाया जाए। आखिर में ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने सभी टेंट को दो सौ मीटर के दायरे से बाहर किया। करीब आधा घंटे तक चले विवाद के बाद मामला शांत हुआ। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी परविंद्र सिंह परी का कहना था कि वह सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे थे। इस संबंध में अंबाला कैंट थाना प्रभारी व ड्यूटी मजिस्ट्रेट को शिकायत की थी कि नियमानुसार जो कार्रवाई बनती है वो की जाए।

हर कोई भाजपा सरकार से नाखुशः संगीता फोगाट

झज्जर में पहलवान संगीता फोगाट ने कहा, “मैंने एक पहलवान और एक किसान की बेटी के रूप में वोट दिया है. हमने उस बदलाव के लिए वोट दिया है जो हम चाहते हैं. हर कोई भाजपा सरकार से नाखुश है और वे बदलाव चाहते हैं. कांग्रेस किसानों, पहलवानों और महिलाओं सभी के लिए अच्छा काम करेगी. मैं लोगों से अपील करना चाहूंगी कि वे अपने घरों से बाहर आएं और वोट दें.”

निजी आकांक्षा पार्टी अनुशासन से बड़ा नहींः सुरजेवाला

कैथल में कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, “मैं लोगों से लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेने की अपील करता हूं. लोग भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद से दुखी हैं, किसान, युवा सब दुखी हैं, इसलिए यहां एक क्रांतिकारी बदलाव होगा. मैं सभी से अपना वोट डालने और एक क्रांतिकारी बदलाव लाने की अपील करता हूं. आकांक्षाएं रखना कोई बुरी बात नहीं है, लेकिन व्यक्तिगत आकांक्षाएं पार्टी अनुशासन से बड़ी नहीं होती हैं, अंततः राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे जो भी निर्णय लेंगे वह सभी को स्वीकार्य होगा.”

मतदान की धीमी गति पर बोले मंत्री-बाजरे की कटाई है कारण 

रेवाड़ी में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने रामपुरा में परिवार के साथ मतदान किया। वहीं मतदान की धीमी गति पर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा है कि बाजरे की कटाई के कारण लोग खेतों में कार्य कर रहे हैं। खाना खाने जब घर आएंगे तो मतदान करेंगे, तब मतदान प्रतिशत बढ़ेगा। कांग्रेस में कौन मुख्यमंत्री बनेगा के सवाल पर कहा कि यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है। कई दावेदारों में कौन मुख्यमंत्री बनेगा यह कांग्रेस तय करेगी। वैसे कांग्रेस को बहुमत नहीं मिलेगा।  अशोक तंवर द्वारा वापस कांग्रेस में जाने पर तंज कसते हुए कहा कि अशोक तंवर दल बदलू हैं।  पिछले पांच साल में चार दल बदल चुके हैं।  अशोक तंवर के कांग्रेस में जाने से दलित वोटों पर प्रभाव नहीं पड़ेगा। अटेली में आरती की जीत पर कहा कि पूरे आत्मविश्वास के साथ कह सकता हूं कि आरती जीत दर्ज करेगी। जजपा द्वारा बीजेपी के चुनाव के बाद डूबने के बयान पर उन्होंने कहा कि मतगणना के बाद पता चल जाएगा कि कौन डूब रहा है। 

6 जिलों में 20 फीसदी से अधिक वोटिंग

हरियाणा में 11 बजे तक 6 जिलों में 20 फीसदी से अधिक वोटिंग हुई है. सुबह 11:00 तक पूरे प्रदेश में 22.70% मतदान हुआ है.

हिसार में भिड़े कांग्रेस-भाजपा प्रत्याशी समर्थक

हिसार के खांडा खेड़ी गांव में पूर्व वित्त मंत्री व नारनौंद से भाजपा प्रत्याशी कैप्टन अभिमन्यु और कांग्रेस प्रत्याशी जस्सी पेटवाड़ के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात घूंसे चले। पुलिस ने बीच बचाव करके दोनों पक्षों को छुड़वाया। नारनौंद के खांडा खेड़ी गांव में बने शहीद भगत सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के बूथ पर हंगामा हुआ।

11 बजे तक की वोटिंग
पंचकूला15.9
अंबाला19.8
यमुनानगर23.1
कुरुक्षेत्र22
कैथल22.7
करनाल15.6
पानीपत20.3
सोनीपत17.9
जींद21.6
फतेहाबाद21.7
सिरसा17.5
हिसार18.5
भिवानी20.9
चरखी दादरी19.6
रोहतक15.2
झज्जर14.4
महेन्दरगढ़17.1
रेवाड़ी14.7
गुरुग्राम16.4
मेवात19.6
पलवल16.2
फरीदाबाद13.6

फरीदाबादः केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल ने डाला वोट

फरीदाबाद में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने परिवार सहित सेक्टर 18 के डायनेस्टी स्कूल में अपना वोट डाला.

दुष्यंत चौटाला और सावित्री जिंदल ने किया मतदान, विनोद भ्याना ने मंदिर में माथा टेका

हिसार और सिरसा में सुबह ही वीआइपी और नेताओं ने मतदान का दायित्व निभा लिया। हिसार में डॉ. कमल गुप्ता ने हिसार विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 91 पर पत्नी व पुत्रवधू के साथ मतदान किया। कुमारी सैलजा ने एनवाईपीएस स्कूल में बने बूथ पर मतदान किया। सावित्री जिंदल ने मॉडल टाउन स्थित बूथ पर मतदान किया। सिरसा में बाल भवन स्थित बूथ पर पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, उनकी मां नैना चौटाला, पूर्व मंत्री रणजीत चौटाला ने परिवार के साथ मतदान किया। हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, चरखीदादरी और भिवानी में मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है। कहीं से भी ईवीएम में खराबी या मारपीट की खबर नहीं है।सिरसा में मतदान की गति धीमी है। हिसार और फतेहाबाद में 8.9 प्रतिशत मतदान हुआ है।

महिलाओं की भीड़ के आगे छोटा पड़ा टेंट

नूंह में मतदान के लिए लगा हुआ टेंट महिलाओं की भीड़ के आगे छोटा पड़ गया। इसके बाद महिलाओं ने दीवार की छांव में बैठकर मतदान के लिए इंतजार किया। 

87 साल की मां को गोद में उठाकर वोट डलवाने पहुंचा बेटा

नगर पालिका घरौंडा मतदान केंद्र में 87 वर्षीय सुलोचना देवी को उनके बेटे ने अपनी गोद में उठाकर वोट डलवाया।

मनु भाकर ने अपने पैतृक गांव गोरिया में सहपरिवार डाला वोट

साल्हावास के गांव गोरिया में वोटिंग शुरू होते ही सबसे पहले ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर अपने माता पिता व भाई के साथ पहुंची। अपना पहला वोट डालते हुए मनु भाकर के चेहरे पर  प्रसन्नता झलक रही थी। मनु भाकर सुबह साढ़े छह बजे ही अपने पिता रामकिशन भाकर, मां सुमेधा भाकर व भाई के साथ मतदान केंद्र पहुंची। उन्होंने सर्व प्रथम अपने गांव के पैतृक मंदिर में माथा टेका। इसके बाद मंदिर के साथ लगते राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के बूथ नंबर 142 में मतदान किया। 

मनु भाकर ने बताया कि युवा होने के नाते हम सब का कर्तव्य है कि अपना मतदान जरूर करें। उन्होंने कहा कि छोटे छोटे कामों से ही बड़ा और अच्छा मोड़ ला सकते हैं। उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र के लिए सही लीडर को चुने। उन्होंने कहा कि मैंने अपना कर्तव्य निभाया। अब आप भी अपना कर्तव्य निभाएं। उन्होंने कहा कि पहले मतदान फिर जलपान जिनका मन नहीं कर रहा है वो भी घर से निकले और मतदान जरूर करें। मनु भाकर ने कहा कि अगले महीने से वो ट्रेनिंग शुरू करेंगी। उसके बाद दिसम्बर जनवरी में आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेगीं।

कैथल से कांग्रेस प्रत्याशी आदित्य सुरजेवाला ने परिवार सहित मतदान किया। कलानौर हलके से भाजपा प्रत्याशी रेणू डाबला ने आंबेडकर स्कूल में मतदान किया।  

गुरुग्राम में 43 हजार से अधिक वोटर्स ने डाला वोट

गुरुग्राम में मतदान का पहला ट्रेंड आ गया है। अब तक 43 हजार से अधिक मतदाताओं ने मतदान कर दिया है। अम्बाला सिटी में 5.3 प्रतिशत तो मुलाना में 4.2 प्रतिशत मतदान हुआ।

पंचकूला में लगी मतदाताओं की लाइनें 

हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर शनिवार सुबह पंचकूला में शांतिपूर्ण मतदान शुरू हो गया है। इस दौरान मतदाता लंबी लाइनों में लगकर मतदान कर रहे हैं। सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान लोगों ने पंचकूला के मतदान केंद्र गवर्नमेंट हाई स्कूल सेक्टर-17 सहित कालका, बरवाला, मोरनी और रायपुररानी सहित  सभी जगह मतदान किया।

रायपुररानी में 55 बूथों और 44 पोलिंग स्टेशनों पर मतदान 
रायपुररानी थाना क्षेत्र के 55 बूथों और 44 पोलिंग स्टेशनों पर आज सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हो गई है। थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि पोलिंग स्टेशनों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस चुनावी प्रक्रिया में मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी देखी जा रही है। मतदान केंद्रों पर सभी जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं, और मतदाताओं को बिना किसी परेशानी के वोट डालने का मौका मिल रहा है। सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित की गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

महम में चुनाव फिर दागदार, निर्दलीय बलराज कुंडू के पीए के कपड़े फाड़े 

रोहतक के महम हलके से कांग्रेस प्रत्याशी बलराम दांगी के गांव मदीना में वोट को लेकर हंगामा हो गया। निवर्तमान विधायक और निर्दलीय प्रत्याशी बलराज कुंडू के पीए के कपड़े फाड़ दिए गए हैं। 
महम हलके में चुनाव बेहद उलझा हुआ है। आरोप है कि कांग्रेस प्रत्याशी बलराम दांगी के गांव मदीना में वोट डालने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। एक युवक के कपड़े तक फाड़ दिए गए। हजपा प्रत्याशी व विधायक बलराज कुंडू गांव में पहुंचे। विवाद मदीना के बूथ नंबर 134 पर हुआ। यह आनंद सिंह दांगी का गांव है।

वहीं दादरी हलके से निर्दलीय प्रत्याशी अजीत फोगाट की गाड़ी को घेरकर रुकवाने और फिर मारपीट करने का प्रयास किया गया। घटनाक्रम के बाद देर रात ही प्रत्याशी सदर थाने पहुंचा और लिखित शिकायत दी। 

ग्रामीण इलाकों में उत्साह, शहर में कम निकल रहे लोग वोट डालने

रोहतक की चार विधानसभा गढ़ी सांपला-किलोई, रोहतक शहर, महम व कलानौर में मतदान ने एक घंटे में तेजी पकड़ ली है। ग्रामीण क्षेत्र में सुबह सात बजे से ही मतदान केंद्रों के बाहर लंबी-लंबी लाइन लग गई। जबकि रोहतक शहर, महम, सांपला व कलानौर कस्बे में कम लोग अभी मतदान करने निकले हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा परिवार सहित सवा 10 बजे गढ़ी सांपला-किलोई हलके के गांव सांघी में मतदान करेंगे।

गढ़ी सांपला किलोई हलके के गांव कटवाड़ा, बसंतपुर और धामड़ में  तकनीकी कर्मियों के चलते 10 से 15 मिनट तक ईवीएम मशीन बंद रही। धामड़ में बूथ नंबर 56 व कटवाड़ा में बूथ नंबर 11 पर मतदान रुका। बाद में मतदान केंद्र पर शांतिपूर्वक वोटिंग शुरू हो गई। अब तक अधिकतर बूथों पर पहले आधे घंटे के अंदर से 80 और 100 वोट डाली गई हैं।

दिग्गजों ने किया मतदान

पूर्व सीएम मनोहर लाल, पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चाैटाला, कुलदीप बिश्नोई, भव्य बिश्नोई और केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने मतदान किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here