मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने तीन नए कृषि अध्यादेशों को लेकर फैली अफवाहों पर विराम लगाते हुए घोषणा की कि हरियाणा में यदि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) खत्म हुआ तो वह राजनीति छोड़ देंगे। उन्होंने कहा कि न मंडी बंद होगी और न ही एमएसपी। इसलिए कांग्रेस के झूठे दुष्प्रचार में आकर बरोदा उप-चुनाव में चूक करने से बचें। मुख्यमंत्री मनोहर गुरूवार को भाजपा-जजपा गठबंधन के उम्मीदवार योगेश्वर दत्त के समर्थन में बरोदा हलके के गांवों में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे, जिसकी शुरुआत उन्होंने कथूरा गांव से की।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री मनोहर ने धनाना, बरोदा तथा बुटाना और जागसी में जनसभाओं को संबोधित करते हुए अपने प्रत्याशी के लिए वोट की अपील की। उन्होंने कहा कि गत दिवस हिसार में उप-मुख्यमंत्री के साथ एक प्रेसवार्ता के जरिये उन्होंने गठबंधन सरकार के एक वर्ष का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। यहां भी वे प्रदेश सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल का ब्यौरा देने आए हैं। साथ ही हम प्रदेश सरकार की मजबूती के लिए एक और विधायक जोडऩे के लिए आए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्भाग्यवश बरोदा के विधायक का निधन हो गया, जिसके बाद वे चार माह पूर्व जब यहां आए तो बरोदावासियों को भरोसा दिया था कि अब हलके के विधायक वे ही हैं। इन चार महीनों में हलके के गांवों के सरपंचों, नेताओं व आम लोगों ने जो भी काम बताए उनको पूरा किया गया है। विकास कार्यों के लिए सरपंचों के खातों में करीब 165 करोड़ रुपये की राशि प्रेषित की गई है, जबकि इससे पहले भी सैंकड़ों करोड़ रुपये हलके के विकास के लिए दिए गए। कुछ काम आचार संहिता के चलते शुरु नहीं हो पाए। बिजली, पानी, नहरी पानी आदि हर प्रकार के कार्य किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह जो कहते हैं वह जरूर करते हैं और जो करना नहीं वह कभी नहीं कहते। यह मनोहर लाल का वचन है, जिसमें झूठ के लिए कोई स्थान नहीं है। जबकि 134 वर्ष पुरानी कांग्रेस पार्टी की नींव अब झूठ पर ही टिकी है। कांग्रेस ने सदैव लुभावने वायदे किए जो कभी पूरे नहीं हुए। भाजपा ने बरोदा में दो सरकारी कालेज शुरु करवा दिए हैं। जनता बुटाना को यूनिवर्सिटी बनाया जाएगा। बरोदा हलके में आईएमटी स्थापित की जाएगी। साथ ही यहां हैफेड की चावल मील की स्थापना भी की जाएगी। बरोदा के मजबूत विकास की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। साथ ही बरोदा सहित पूरे सोनीपत जिला में पानी की निकासी की बेहतरीन व्यवस्था की जाएगी।