हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि डबल-ट्रिपल इंजन किसी काम का नहीं, प्रदेश को बस पिछड़ा बनाने का काम हो रहा है। दिल्ली चुनाव में कांग्रेस पूरी तैयारी के साथ उतरेगी। हुड्डा ने कहा कि कारपोरेशन के चुनाव में उन्होंने पहले भी प्रत्याशी उतारे थे, आगे देखेंगे पालिका चुनाव को लेकर क्या निर्णय होता है। ‘
पूर्व मुख्यमंत्री वीरवार को खरखौदा पहुंचे और न्यायिक परिसर के साथ बनकर तैयार हुए वकीलों के चैंबर का उद्घाटन किया। उन्होंने सांसद निधी से 11 लाख रुपये बार एसोसिएशन को देने की घोषणा की। पूर्व मुख्यमंत्री के मीटिंग हॉल में पहुंचने पर प्रधान कमल शर्मा की अगुवाई में उनका पगड़ी बांधकर और स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया।
भाजपा ने कोई विकास नहीं किया
भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हमने विकास के हर क्षेत्र में हरियाणा को नंबर वन बनाया था। भाजपा ने दस वर्ष में कोई विकास नहीं किया। नई सरकार के दो महीने भी पहले जैसे ही हैं। अखबार कत्ल और बलात्कार की खबरों से भरे रहते हैं। भाजपा राज में कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है।
छप्पर के नीचे होता था ठिकाना
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने जब वकालत शुरू की तो रोहतक में छप्पर के नीचे उनका ठिकाना हुआ करता था। आज भी उनका चैंबर रोहतक में है, जो एक वकील के लिए जरूरी भी है। वकील का काम लोगों को न्याय दिलाना है। न्यायपालिका और वकीलों पर लोगों को बहुत भरोसा होता है, इस विश्वास को वकील और ज्यादा अटूट करने का काम करें।
मारुति कंपनी के मालिक से मिलने जापान गए
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि खरखौदा से लगाव होने से उपमंडल का दर्जा देने के साथ यहां आईएमटी बनाने का काम किया था। दस वर्षों में भाजपा इसे विकसित नहीं कर पाई। खुद उन्होंने मारुति के मालिक से जापान जाकर तीन एग्रीमेंट किए थे, जिसमें मानेसर एक्सटेंशन सहित रोहतक और खरखौदा में मारुति के प्लांट शामिल थे। भाजपा ने इसमें दस वर्ष की देरी कर दी। देरी नहीं होती तो खरखौदा की सूरत और सीरत काफी बदल गई होती। कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर रोहिंग्या को संरक्षण दिए जाने की बात पर हुड्डा ने कहा कि इनके पास अपना कुछ बताने को नहीं है, इसलिए इधर-उधर की बातें करते हैं।
कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहना बड़ी बात
सोनीपत सांसद पंडित सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि आज की परिस्थिति में भी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहना बड़ी बात है। हरियाणा में अगर किसी ने विकास करवाया है तो वह भूपेंद्र सिंह हुड्डा हैं। उन्होंने मात्र 25 दिन में उन्हें सांसद बनाकर संसद पहुंचा दिया। आने वाला भविष्य सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा का है।
ये भी रहे मौजूद
इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता प्रेम अत्री, विधायक इंदूराज नरवाल, पूर्व विधायक जगबीर मलिक, जयवीर सिंह, पदम सिंह, सुखबीर फरमाणा, अजीत सैनी, सुरेंद्र दहिया, दहिया खाप प्रधान जयपाल दहिया सहित बार एसोसिएशन सदस्य व क्षेत्रवासी मौजूद रहे।