हरियाणा जजपा नेता व प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने पहलवान विनेश फोगाट को लेकर एक प्रस्ताव रखा है। दुष्यंत चौटाला ने पहलवान विनेश फोगाट को राज्यसभा सदस्य बनाने का प्रस्ताव पेश किया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने विनेश फोगाट को राज्यसभा सदस्य बनाने की बात कही है।
दुष्यंत चौटाला ने पोस्ट किया है कि राज्यसभा में चार मनोनीत सदस्यों की सीट खाली हैं। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जल्द ही चार सदस्यों को मनोनीत करेंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी से मेरा निवेदन है कि वो पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर की तरह देश की बहादुर बेटी विनेश फोगाट को भी राज्यसभा में मनोनीत करे ताकि युवाओं, महिलाओं और खिलाड़ियों की एक मजबूत आवाज देश की संसद में पहुंचे।
विनेश फोगाट जैसी अंतरराष्ट्रीय गौरव पहलवान को पार्टी की राजनीति और चुनाव से नहीं गुजरना चाहिए। देश का मानना है कि राज्यसभा में मनोनीत होना ही भारत की इस बहादुर बेटी का असली सम्मान होगा, जिसकी वो हकदार है। विनेश इसी 25 अगस्त को मनोनयन की सभी योग्यताएं पूरी कर लेंगी।