अयोध्या श्रीराम मंदिर में रामलला की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा की पूर्व संध्या पर औद्योगिक शहर पानीपत में श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली जा रही है। जीटी रोड पर स्काईलार्क से गुरुद्वारा बाबा जोध सचियार तक करीब ढाई किलोमीटर के यात्रा स्थल को सजाया संवारा गया है। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा खानपान के 56 स्टाल लगाए गए हैं।
यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जीटी रोड पर शहर में आने वाले वाहनों का प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। इसके लिए रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। शोभायात्रा के दौरान वाहन चालक एलिवेटेड हाईवे या वैकल्पिक रास्तों को अपना सकते हैं। समारोह में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी श्रीराम की शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा करते नजर आएंगे।
प्रशासन और पुलिस ने रविवार सायं चार से आठ बजे तक होने वाली भव्य श्रीराम शोभायात्रा को लेकर शनिवार को फाइनल रिहर्सल की थी।

उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल शाम को गुरुद्वारा बाबा जोध सचियार पर यात्रा के समापन कार्यक्रम में मुख्यातिथि होंगे। इसके अलावा मशहूर सूफी गायक कैलाश खेर भी राम भजनों से समारोह को खास बनाएंगे। जीटी रोड पर कानून व शांति व्यवस्था को लेकर स्थापित करने के लिए छह अधिकारियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है।

शोभायात्रा के लिए श्रीराम मंदिर का स्वरूप तैयार
पानीपत में विशाल श्रीराम शोभायात्रा शहर की सामाजिक व धार्मिक संस्था कर रही हैं। इसमें सभी राजनीति दलों के नेताओं को भी न्योता दिया गया है। श्रीराम मंदिर का स्वरूप तैयार किया गया है। इसके रथ को रामभक्त हाथ से खींच रहे हैं। ढाई किलोमीटर में खाने-पीने के करीब 56 स्टॉल लगाए गए हैं।