मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोग संभल जिले के सरायतरीन क्षेत्र के निवासी थे। मृतकों में एक महिला, उसका बेटा और उसकी साली शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि चारों लोग एक ही बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बस व चालक की पहचान की जा रही है।

हादसे की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई। वहीं पूरे सरायतरीन क्षेत्र में मातम का माहौल है।