मुजफ्फरनगर। जनपद के जानसठ क्षेत्र में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सोमवार देर रात पुलिस और बैंक चोरी के आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी नीरज को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
मुठभेड़ में आरोपी घायल, लाखों की बरामदगी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई रकम में से 4 लाख 17 हजार 500 रुपये, एक मोटरसाइकिल, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी को इलाज के लिए सीएचसी जानसठ भेजा गया है।
दीवार तोड़कर बैंक में हुई थी चोरी
यह घटना 10 जून की रात की है, जब थाना जानसठ क्षेत्र के तिसंग गांव स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की दीवार तोड़कर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये पर हाथ साफ कर दिया था। घटना के बाद से पुलिस लगातार जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

घेराबंदी के दौरान हुई फायरिंग
सोमवार रात पुलिस को सूचना मिली कि चोरी में शामिल आरोपी रकम लेकर क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की, तभी एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया।
पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर आरोपी ने भागने की कोशिश की और टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
कर्ज के चलते की थी चोरी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बैंक में हुई चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव में था, जिसके चलते उसने अकेले ही बैंक में सेंध लगाने की योजना बनाई थी।

पुलिस की कार्रवाई
सीओ जानसठ ऋषिका सिंह ने बताया कि आरोपी के पास से चोरी की रकम, वारदात में इस्तेमाल बाइक, तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।