हरियाणा। सीआईए नारनौल टीम ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या समेत कई गंभीर मामलों में वांछित कुख्यात आरोपी संजय उर्फ संजय कालबा को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उसके दो साथी घनश्याम (निवासी गोपालपुरा, राजस्थान) और आदित्य (निवासी अकबरपुर) को भी अवैध हथियारों के साथ पकड़ा गया।
पुलिस का कहना है कि ये सभी आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना में इलाके में घूम रहे थे।
गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल
पुलिस अधीक्षक दीपक के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए टीम को 13 मई की रात सूचना मिली कि हत्या के मामले में फरार चल रहा संजय अपने साथियों के साथ नांगल चौधरी क्षेत्र में वाहन से घूम रहा है। इसके बाद दो अलग-अलग टीमों का गठन कर रेवाड़ी रोड से नांगल चौधरी मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी की गई।
पुलिस को कुचलने की कोशिश, फिर मुठभेड़
रात करीब 11:25 बजे एक तेज रफ्तार कार पुलिस नाके की ओर आती दिखाई दी। रुकने का इशारा करने पर चालक ने वाहन रोकने के बजाय पुलिस टीम को टक्कर मारने की कोशिश की और मौके से भागने लगा।
पुलिस टीम ने तुरंत पीछा किया, जिसके दौरान नीरपुर बस स्टैंड के पास भी आरोपियों ने पुलिस वाहन को टक्कर मारने का प्रयास किया। इसके बाद आरोपी चिंकारा फॉरेस्ट के पास जंगल की ओर भाग निकले।
फायरिंग के बाद घायल हुआ आरोपी
घेराबंदी के दौरान तीनों आरोपियों ने कार से उतरकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने पहले चेतावनी दी और जवाब में हवाई फायर भी किए, लेकिन आरोपी लगातार फायरिंग करते रहे।
जवाबी कार्रवाई में संजय के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसके दोनों साथियों को भी मौके पर पकड़ लिया।
हथियार बरामद, पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी उजागर
तलाशी के दौरान संजय से मैगजीन लगी पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए। वहीं अन्य आरोपियों के पास से एक डोगा और अतिरिक्त कारतूस मिले।
घायल आरोपी को उपचार के लिए नारनौल नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार संजय एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ हरियाणा और राजस्थान में हत्या के प्रयास, अवैध हथियार, धमकी और मारपीट सहित 13 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा और आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।