चंडीगढ़: हरियाणा सरकार के 18 विभागों से जुड़े कथित 590 करोड़ रुपये के गबन मामले में जांच एजेंसियों की कार्रवाई से चंडीगढ़ के कई लोग परेशान हैं। अब तक 1800 से अधिक बैंक खाते फ्रीज किए जा चुके हैं, जिनमें शहर के व्यवसायी, रियल एस्टेट कारोबारी, किराना दुकानदार, ढाबा/रेस्टोरेंट संचालक और छोटे व्यापारी शामिल हैं।
पिछले तीन दिनों से खातों के फ्रीज होने की वजह से प्रभावित लोग लेन-देन नहीं कर पा रहे हैं। कारोबार ठप होने से कई खाताधारक लगातार सेक्टर-17 स्थित साइबर सेल थाने पहुंचकर खाते डी-फ्रीज करने की मांग कर रहे हैं।
एक पीड़ित ने बताया कि उसकी बेटी की शादी निकट है, लेकिन फ्रीज खाते के कारण वह भुगतान नहीं कर पा रहा। इससे परिवार को गंभीर वित्तीय संकट का सामना करना पड़ रहा है।
साइबर सेल सूत्रों के अनुसार, सेक्टर-32 स्थित आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की शाखा ने अपने कुछ कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत पंचकूला साइबर सेल को भेजी है, जिसकी जांच जारी है।
सूत्रों ने यह भी बताया कि कार्रवाई हरियाणा के डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा के निर्देश पर की गई है। फिलहाल, प्रभावित खाताधारकों को पंचकूला साइबर सेल से संपर्क करने की सलाह दी जा रही है। आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर तय होगी।