अंबाला। सिया वाटिका में आयोजित रिसेप्शन पार्टी के दौरान हुए चाकू हमले में सोनू की हत्या के मामले में पुलिस ने मास्टरमाइंड साहिल और दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी साहिल जटवाड़ा गांव के निवासी हैं, जबकि सागर कसेरला गांव और शिवम अंबाला कैंट के निवासी हैं। मंगलवार को इन्हें कोर्ट में पेश कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया।
रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल चाकू और बाकी संलिप्त लोगों की जानकारी जुटाएगी ताकि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी पकड़ लिया जा सके। जांच अधिकारी चांदी राम ने बताया कि टीम्स लगातार जगह-जगह दबिश दे रही हैं और तीन अन्य संदिग्धों को जल्द ही हिरासत में लिया जाएगा।
घटना की पृष्ठभूमि के मुताबिक, 22 फरवरी की रात करीब 12 बजे कॉलेज परिसर में हुए विवाद के बाद छह युवकों ने पैलेस की पार्किंग में चार लोगों पर चाकू से हमला किया। हमले में अंबाला सिटी निवासी 22 वर्षीय सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, रिसेप्शन के इवेंट प्लानर 19 वर्षीय सुखराज के हाथ में, उनके भाई जसराज के पेट में और बीच-बचाव के लिए आए 20 वर्षीय भूपिंद्र की टांग में चोट आई। जसराज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें कैंट के नागरिक अस्पताल से चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया।