हरियाणा में एलएनजेपी नागरिक अस्पताल विवाद को लेकर नर्सिंग स्टाफ और हरियाणा महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रेनू भाटिया के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को कुरुक्षेत्र के नर्सिंग कर्मियों ने आदर्श थाने पहुंचकर रेनू भाटिया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और उनके विरुद्ध एफआईआर की मांग की।
नर्सिंग स्टाफ का आरोप है कि रेनू भाटिया द्वारा दिए गए बयानों ने पूरे नर्सिंग समुदाय की छवि को ठेस पहुंचाई है। उनका कहना है कि बिना किसी ठोस जांच के उन पर गंभीर आरोप लगाए गए, जिससे प्रदेशभर के नर्सिंग कर्मियों में आक्रोश है। इस दौरान बड़ी संख्या में नर्सें थाने के बाहर एकत्र हुईं और विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी भी की।
गौरतलब है कि एलएनजेपी अस्पताल मामले में दिए गए बयानों के बाद से ही नर्सिंग संगठनों में नाराजगी बनी हुई है। इससे पहले भी कई जगहों पर पेन-डाउन हड़ताल कर विरोध दर्ज कराया जा चुका है। अब मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद नर्सिंग संगठन कानूनी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।
इस बीच यह भी जानकारी सामने आई है कि विवाद बढ़ने के बाद रेनू भाटिया ने हरियाणा राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र भेजकर अपना त्यागपत्र सौंपते हुए उसे स्वीकार करने का अनुरोध किया है।