मुजफ्फरनगर के जानसठ रोड स्थित निराना क्षेत्र में औद्योगिक प्रदूषण को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे बनाए गए कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें कई फैक्ट्रियों की चिमनियों से भारी मात्रा में काला धुआं निकलता साफ दिखाई दे रहा है। इन वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी और चिंता दोनों बढ़ गई है।
वायरल फुटेज में TPO (पुराने टायरों से तेल निकालने वाला प्लांट), पेपर मिल और गुलशन केमिकल सहित कुछ औद्योगिक इकाइयों से लगातार घना काला धुआं निकलता नजर आ रहा है। धुएं का गुबार इतना ज्यादा था कि आसपास का आसमान धुंधला और काला सा दिखाई देने लगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर कुछ ही मिनटों की रिकॉर्डिंग में इतना गंभीर प्रदूषण दिख रहा है, तो अंदाजा लगाया जा सकता है कि रोजाना इस क्षेत्र में रहने वाले लोगों पर इसका कितना गहरा असर पड़ता होगा।

निराना, भिक्की, नई बस्ती, बहादरपुर और आसपास के गांवों के निवासियों ने बताया कि कई हजार लोग इन औद्योगिक इकाइयों के बीच रहने को मजबूर हैं। उनका कहना है कि लगातार फैल रहे प्रदूषण के कारण सांस की बीमारियां और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही हैं।
मामला सोशल मीडिया पर तूल पकड़ने के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भी सक्रिय हो गया है। क्षेत्रीय अधिकारी गीतेश चंद्रा ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है और पूरे मामले की जांच के लिए टीम भेजी जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी फैक्ट्री द्वारा प्रदूषण मानकों का उल्लंघन पाया गया, तो नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, वायरल वीडियो ने एक बार फिर औद्योगिक प्रदूषण और उसकी निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग अब प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।