मुजफ्फरनगर का नाम बदलकर ‘लक्ष्मीनगर’ किए जाने की मांग एक बार फिर चर्चा में आ गई है। बुधवार को नगर पालिका परिषद के नामित सभासदों ने इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप को एक औपचारिक प्रस्ताव सौंपा।

सभासदों ने मांग की है कि इस प्रस्ताव को आगामी बोर्ड बैठक के एजेंडे में शामिल किया जाए। उनका कहना है कि बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद इसे राज्य सरकार को भेजा जाएगा, ताकि नाम परिवर्तन की प्रक्रिया आगे बढ़ सके।


नामित सभासदों के अनुसार, यह केवल नाम बदलने का मुद्दा नहीं है, बल्कि शहर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान से भी जुड़ा हुआ है। उनका तर्क है कि ‘लक्ष्मीनगर’ नाम भारतीय परंपरा, समृद्धि और सांस्कृतिक मूल्यों का प्रतीक है, जिससे शहर की पहचान को एक नई दिशा मिल सकती है।

इस प्रस्ताव पर नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप ने गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार प्रस्ताव को बोर्ड बैठक में रखा जाएगा और आगे की प्रक्रिया के तहत इसे शासन को भेजने पर उचित निर्णय लिया जाएगा।


प्रस्ताव देने वालों में नामित सभासद सचिन सैनी, अमन तोमर, अभिजीत सिंह गंभीर, रवि पाराशर और अमित बॉबी सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। सभी ने उम्मीद जताई कि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।