हरियाणा: हांसी में फव्वारा चौक के पास गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां बाइक सवार बदमाशों ने जिम संचालक की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने कुछ ही सेकंड में करीब 10 राउंड फायरिंग की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

मौके पर ही मौत

हमले में कई गोलियां जिम संचालक कपिल की पीठ और सिर में लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय वह चौक के पास स्थित दुकानों के रैंप पर युवाओं को सुबह की एक्सरसाइज करवा रहे थे।

युवती भी घायल

फायरिंग के दौरान वहां मौजूद शिखा नामक युवती भी छर्रे लगने से घायल हो गई। उसे तुरंत हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें हमलावरों की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए और फॉरेंसिक टीम भी जांच में जुटी है।

हाल ही में हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार मृतक कपिल मूल रूप से जींद जिले के दलमवाला गांव का रहने वाला था और लंबे समय से हांसी में जिम चला रहा था। बताया जा रहा है कि उसकी कुछ दिन पहले ही लव मैरिज हुई थी।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश जारी है। घटना के बाद शहर में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।