गोरखपुर में गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1055 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर शहर में विकास कार्यों को लेकर बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
ईको पार्क में सीएम का भ्रमण और खास पल
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के ईको पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने उन्हें पार्क की सुविधाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी। साथ ही एक प्रदर्शनी के जरिए क्षेत्र के पुराने और नए स्वरूप का तुलनात्मक दृश्य भी दिखाया गया।
इसी दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है, जिसमें सांसद रवि किशन एक अनोखी कलाकृति के सामने मुख्यमंत्री की तस्वीर अपने मोबाइल से लेते नजर आते हैं। यह कलाकृति वेस्ट मटेरियल से बनाई गई शेर की आकृति है।
पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संदेश
ईको पार्क भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने पार्क में तैयार की गई वेस्ट से बनी कलाकृतियों की सराहना की और शेर की मूर्ति के सामने फोटो भी खिंचवाई।
इस दौरान सांसद रवि किशन भी मौजूद रहे और उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ तस्वीर के लिए खास अंदाज में मोबाइल से फोटो क्लिक कराई।
“कचरे से कंचन” की मिसाल बना ईको पार्क
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निगम की टीम की सराहना करते हुए कहा कि गोरखपुर के प्रवेश द्वार पर स्थित यह ईको पार्क ‘कचरे से कंचन’ का बेहतरीन उदाहरण है।
उन्होंने बताया कि करीब 2.26 लाख मीट्रिक टन कचरे के निस्तारण से तैयार यह पार्क अब एक प्रमुख पर्यटन स्थल और पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित हो चुका है, जहां बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, योग और ध्यान की सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
विकास का नया मॉडल बताया
सीएम योगी ने कहा कि यह परिवर्तन गोरखपुर की विकास यात्रा और टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने इसे शहर के भविष्य के लिए एक मजबूत आधार बताया।
रवि किशन की प्रतिक्रिया
कार्यक्रम के दौरान सांसद रवि किशन शुक्ल ने मुख्यमंत्री की कार्यशैली की तारीफ करते हुए कहा कि सीएम योगी हर चुनौती को अवसर में बदल देते हैं। उनके अनुसार, जहां पहले गंदगी और अव्यवस्था थी, वहां अब विकास और रोजगार के अवसर बन रहे हैं।