सोनीपत के राई क्षेत्र में शनिवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर एक गंभीर सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। दुर्घटना तब हुई जब वोल्वो बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक बस का परिचालक था। गंभीर रूप से घायल बस के ड्राइवर को तत्काल पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। अन्य घायल यात्रियों का इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस को सुबह लगभग छह बजे पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के पास दुर्घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल भेजा।
पुलिस ने मृतक परिचालक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों में दिल्ली के एक ही परिवार के तीन सदस्य भी शामिल हैं, जो अमृतसर से विवाह समारोह में शामिल होकर दिल्ली लौट रहे थे।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बस रात में अमृतसर से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। राई में फ्लाईओवर के पास पहुंचते ही बस ट्रक से टकरा गई और इसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद सड़क पर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।