यमुनानगर के खंड छछरौली के गांव गनौली में तंत्र-मंत्र करते हुए दो व्यक्तियों को स्थानीय लोगों ने पकड़ा है। उक्त व्यक्ति गांव के श्मशानघाट में तांत्रिक क्रियाएं कर रहे थे। जैसे ग्रामीणों को इनके बारे में भनक लगी तो लोग श्मशानघाट पहुंच गए। गुस्साए ग्रामीणों ने दोनों की जमकर धुनाई कर डाली। दोनों व्यक्ति ग्रामीणों के सामने हाथ जोड़कर बार-बार माफ कर छोड़ने की गुहार लग रहे थे, लेकिन तांत्रिक क्रियाओं से ग्रामीणों में काफी रोष था। इस पर लोगों ने दोनों व्यक्तियों को दौड़ा-डौड़ा कर पीटा।
इसी बीच किसी ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को मौके पर बुलाया। सूचना मिलते ही थाना छछरौली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह से दोनों व्यक्तियों को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़वाया। पुलिस ने दोनों के पास से सामान भी जब्त कर लिया है। तांत्रिक क्रियाएं करने वाले दोनों व्यक्तियों की पहचान हरनौली निवासी इमरान और जटहेड़ी के रामकुमार के तौर पर हुई है। हालांकि दोनों ने पुलिस के सामने किसी को नुकसान पहुंचाने पर नहीं बल्कि खुद के परिवार की भलाई के लिए तांत्रिक क्रिया करने की बात कही।
इस प्रकार से ग्रामीण ज्यादा परेशान
ग्रामीणों के मुताबिक गनौली गांव में पिछले काफी दिनों से कई मौतें हो चुकी हैं। लगातार इस प्रकार मौतें हो जाने से ग्रामीणों को शक है इन तांत्रिक क्रियाओं के कारण ही शायद गांव में मौतें हो रही है। ग्रामीण गुरनाम व संजीव ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे गांव का एक व्यक्ति श्मशानघाट के पास से गुजर रहा था, तभी उसकी नजर श्मशानघाट में बैठे दो लोगों पर पड़ी, जो बोल रहे थे देवी प्रकट हो जा।
इस पर उसे तांत्रिक क्रिया होने पर शक हुआ। इसके बाद उसने नजदीक खेतों में काम कर रहे अन्य ग्रामीणों को आवाज लगाकर श्मशानघाट की तरफ आने को कहा। जैसे ही ग्रामीण श्मशानघाट की तरफ आने लगे उन्हें देख दोनों व्यक्ति वहां से भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। इसके बाद उनकी धुनाई कर दी। पुलिस ने आश्वासन दिया कि दोनों व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बिना कार्रवाई के किसी को भी नहीं छोड़ा जाएगा, तब जाकर ग्रामीण शांत हुए।