नूंह जिले के मुंडाका गांव में मंगलवार शाम वाहन खड़ा करने को लेकर हुए विवाद ने दो समुदायों के बीच झगड़े का रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे चले और करीब 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में कई को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग भी वहां पहुंच गए। गुस्साई भीड़ ने मौके पर खड़ी एक बाइक और दो खोखे में आग लगा दी, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक झगड़ा हरियाणा के मुंडाका और राजस्थान के हाजीपुर गांव के निवासियों के बीच हुआ। सूचना मिलते ही फिरोजपुर झिरका थाना सहित जिले के अन्य थानों से भी पुलिस बल भेजा गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभालते हुए दोनों पक्षों के लोगों को अलग किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस गश्त जारी है।
घायलों की सूची
एक पक्ष से चुन्नीलाल, गोपाल, लेखराज, वीर सिंह, फूलचंद और हंसराज घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष से खुर्शीद, फरहान और शाहबाज को चोटें आईं। सभी का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।