यमुनानगर के आदीबद्री क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां एमएलएन कॉलेज यमुनानगर के बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र बरसाती नहर में नहाते समय डूब गया। मृतक की पहचान सहारनपुर के रामनगर निवासी 20 वर्षीय आदित्य महाजन के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, आदित्य अपने चार साथियों – आयुष, लविश, डिंपल और मंजीत – के साथ आदीबद्री घूमने आया था। सभी छात्र नहर में नहा रहे थे कि इसी दौरान आदित्य नहर के गहरे कुंड में फंस गया। उसने डूबते हुए मदद के लिए शोर मचाया, जिसके बाद साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके।

सूचना मिलते ही रणजीतपुर पुलिस चौकी से टीम मौके पर पहुंची और यमुनानगर से गोताखोरों को बुलाया गया। गोताखोर अमर सिंह और रामकेश ने काफी मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकाला।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।