हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। प्रदेश में जारी ऑरेंज अलर्ट के बीच चंबा, कांगड़ा और मंडी जिलों में भूस्खलन और जलभराव की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

भूस्खलन से वाहन फंसे, मकानों को नुकसान
चंबा जिले के भटियात क्षेत्र में कामला के पास भूस्खलन के कारण एक बोलेरो वाहन सड़क के बीच फंस गया, हालांकि समय रहते सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए। वहीं, चुराह उपमंडल की मंगली पंचायत के भोड़ास गांव में हुए भूस्खलन की चपेट में कुछ मकान भी आ गए हैं। इसी क्षेत्र की शिकारी मोड़-गनेड़-बिहाली सड़क गनेड़ नाले के उफान से बंद हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

343 सड़कें और 700 से अधिक सेवाएं प्रभावित
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार बुधवार सुबह तक कुल 343 सड़कों पर यातायात बाधित रहा। 551 बिजली ट्रांसफार्मर और 186 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। सबसे अधिक नुकसान मंडी, चंबा और कुल्लू जिलों में दर्ज किया गया है।

वर्षा पूर्वानुमान और अलर्ट
मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा और मंडी के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही 31 जुलाई से 5 अगस्त तक कई स्थानों पर येलो अलर्ट भी प्रभावी रहेगा। अगले कुछ दिनों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई गई है।

अब तक 170 मौतें, 1,600 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त
इस मानसून सीजन में 20 जून से 29 जुलाई तक प्रदेश में 170 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 278 लोग घायल हुए हैं। अभी तक 1,646 मकान और दुकानें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। साथ ही 1,187 गोशालाओं को भी नुकसान पहुंचा है। राज्य को अब तक ₹1,538.38 करोड़ रुपये का अनुमानित नुकसान हो चुका है।

चंडीगढ़-मनाली हाईवे बहाल, प्रशासन ने दी यात्रा चेतावनी
भारी बारिश के चलते सोमवार रात को भूस्खलन के कारण चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे बंद हो गया था, जिसे बुधवार सुबह करीब चार घंटे के प्रयास के बाद एकतरफा यातायात के लिए खोला गया। प्रशासन ने यात्रियों से खराब मौसम को देखते हुए यात्रा करने से बचने की अपील की है।

कांगड़ा में 11 सड़कें बाधित, नदी-नाले उफान पर
कांगड़ा जिले के शाहपुर क्षेत्र में 11 से अधिक सड़कें अवरुद्ध हैं। धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाओं से जनजीवन प्रभावित हुआ है। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने लोगों से अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह दी है।

बीती रात कहां-कहां हुई भारी बारिश
पिछली रात भटियात में 182.6 मिमी, पालमपुर में 157.0 मिमी, कांगड़ा में 115.8 मिमी सहित कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी और फिर गिरावट की संभावना है।

नकरोड़-चांजू मार्ग अवरुद्ध, दुकानों को नुकसान
चंबा जिले के चुराह उपमंडल में नकरोड़-चांजू मार्ग पर भूस्खलन के कारण यातायात पूरी तरह बंद हो गया है। इस दौरान एक दुकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई है। हालांकि, किसी जानमाल की क्षति नहीं हुई।