शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि पार्टी में एक नया युग शुरू हो चुका है, जिसमें संगठन से जुड़े सक्रिय कार्यकर्ताओं को नेतृत्व के अवसर दिए जाएंगे। उनका मानना है कि यह पहल नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की सोच के अनुरूप है, जो युवा ऊर्जा और नई सोच को पार्टी के भीतर आगे बढ़ाने पर जोर देती है।

विनय कुमार ने प्रेस बयान में बताया कि राज्यसभा के लिए प्रदेश के एक मेहनती और प्रतिबद्ध कार्यकर्ता के चयन के जरिए कांग्रेस आलाकमान ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अब संगठन से जुड़े कर्मठ कार्यकर्ताओं को प्रमुख पदों तक पहुंचाने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की नई ऊर्जा और दृष्टिकोण आने वाले समय में पार्टी के लिए अहम साबित होगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने आगे बताया कि संगठन सृजन के तहत पीसीसी, जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी, पार्टी प्रवक्ता, मीडिया पैनलिस्ट और अन्य पदों के लिए नई प्रक्रिया शुरू की गई है। इसका उद्देश्य न केवल पार्टी संगठन को मजबूत करना है, बल्कि कांग्रेस के प्रचार-प्रसार को और प्रभावशाली बनाना भी है।

अंत में विनय कुमार ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की मजबूती के लिए सक्रिय रूप से योगदान दें और राहुल गांधी के नेतृत्व को समर्थन देकर पार्टी की नींव को और मजबूत बनाएं।