हिमाचल के जनजातीय जिला लाहौल स्पीति के रोहली के पास हिमस्खलन हो गया है। जिस कारण उदयपुर-किलाड़ एसएच मार्ग यातायात के लिए बंद हो गया है। मार्ग बंद होने से लाहौल और चम्बा जिला के पांगी का आपस में संपर्क कट गया है। बीआरओ मार्ग को बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक (SP) लाहौल स्पीति मानव वर्मा ने बताया कि बीआरओ (BRO) से मिली जानकारी के अनुसार, उदयपुर-किलाड़ सड़क पर रोहली के पास हिमस्खलन हुआ। इस कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। बीआरओ ने मौके पर मार्ग को बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया है। जल्द ही मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि स्टेट हाइवे-26 उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर जगह-जगह हिमस्खलन का खतरा बना हुआ है। जगह-जगह हिमखंड गिर रहे हैं। चार दिन पहले भी इस मार्ग में हिमस्खलन हुआ था। जिस कारण मार्ग में 16 वाहनों में 119 लोग फंस गए थे। इन लोगों को रेस्क्यू टीम ने देर रात को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया था। अब एक बार फिर हिमस्खलन हो गया है और मार्ग बंद बंद हो गया है।
कुल्लू-केलांग के बीच आवाजाही जारी
उधर, मनाली-केलांग रोड (एनएच-003) लाहौल के लोगों के लिए सभी प्रकार के वाहनों के लिए खुला है। सड़क सभी प्रकार के पर्यटक वाहनों के लिए दारचा तक खुली है, जिन्हें शाम 3 बजे तक ब्लैक आइसिंग के कारण अपने गंतव्य को वापस जाना पड़ेगा।