मंडी में आपसी विवाद के चलते दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिसमें एक युवक को चाकू मार दिया गया। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले जोनल अस्पताल मंडी ले जाया गया, जहां से उसकी हालत को देखते हुए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश के साथ-साथ प्रेम संबंधों से जुड़ा बताया जा रहा है।
बताया गया कि यह घटना बुधवार को मंडी शहर से सटे रानी की बाईं इलाके में एक मैकेनिक की दुकान पर हुई। दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस को जानकारी मिली है कि झगड़े की शुरुआत सोशल मीडिया चैट से हुई थी, जो बाद में आमने-सामने की लड़ाई में बदल गई।
दुकान पर दोनों पक्षों के आमने-सामने आते ही माहौल बिगड़ गया और इसी दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। घायल युवक को कोटली क्षेत्र के बरयारा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। अस्पताल में इलाज के दौरान उसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह हमले की बात बता रहा है।
मामले में दोनों पक्षों की ओर से पुलिस थाना सदर में शिकायतें दी गई हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज की है। घायल युवक की शिकायत पर दूसरे पक्ष के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है, जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत पर दुकान में घुसकर मारपीट करने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।