हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हिमाचल पथ परिवहन निगम(एचआरटीसी) की बस बीच हाईवे पर मंगलवार देर शाम को अचानक खराब हो गई। इससे केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर का काफिला भी यहां फंस गया। इस दौरान अनुराग ठाकुर खराब बस को सड़क किनारे लेने जाने के लिए यात्रियों के साथ धक्का लगाते नजर आए। अनुराग ठाकुर का बस को धक्का लगाते एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बस खराब होने से हाईवे पर ट्रैफिक जाम हो गया और स्थानीय लोगों व पर्यटकों को परेशानी झेलनी पड़ी। यात्रियों की मदद से बस को सड़क किनारे खड़ा किया गया और यातायात बहाल हो पाया। 

https://twitter.com/ANI/status/1589996965554966535?t=4EdDJmZ31SQkNH5xWL0NDQ&s=19

पूर्ण बहुमत के साथ रिवाज बदलेगी भाजपा : अनुराग
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को झंडूता के शाहतलाई में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ सियासी रिवाज बदलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र के सहयोग से जयराम सरकार ने हमेशा ही सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के संकल्प के साथ जनकल्याण को लक्ष्य बनाकर कार्य किया है। उन्होंने कहा कि समाज के हर तबके और समुदाय का समर्थन भाजपा को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जितना काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुआ है, अन्य किसी पार्टी ने नहीं किया। उन्होंने झंडूता विधानसभा हलके में विकास की गति बनाए रखने के लिए जनता से भाजपा प्रत्याशी जीत राम कटवाल को एक बार फिर से मौका देने की अपील की।  कहा कि भारत के पास इतनी ताकत है कि वह दुनिया को दिशा दिखा सकता है। भाजपा विकास के प्रति वचनबद्ध है।