नई दिल्ली। देशभर से चुने गए 36 विद्यार्थियों को 22 जनवरी को दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री आवास में आयोजित “परीक्षा पे चर्चा” कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का अवसर मिला। इसमें कठुआ जिले के आर्मी पब्लिक स्कूल, जंगलोट की नौंवी कक्षा की छात्रा चाहत प्रदेश की एकमात्र प्रतिनिधि थीं। चाहत ने सीधे प्रधानमंत्री से संवाद कर परीक्षा में सफलता और जीवन में ध्यान केंद्रित करने के टिप्स हासिल किए।
छात्रा चाहत ने बताया कि उन्होंने दो घंटे का एक वीडियो तैयार कर एससीईआरटी तक अपनी जगह बनाई। इसके बाद शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित ऑनलाइन इंटरव्यू में चयन हुआ और उन्हें दिल्ली आने का मौका मिला।
प्रधानमंत्री से मुलाकात का अनुभव
छहत ने कहा कि कार्यक्रम सुबह साढ़े सात बजे शुरू हुआ, लेकिन अचानक प्रधानमंत्री मोदी भी वहां पहुंचे। यह पल उनके लिए जैसे सपने सच होने जैसा था। प्रधानमंत्री ने बच्चों की नर्वसनेस दूर करने के लिए हर टेबल पर जाकर उनसे व्यक्तिगत रूप से बातचीत की। उन्होंने चाहत से दिल्ली आने और ठहरने के बारे में पूछा और परेड देखने का जिक्र भी किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने चाहत को असम का प्रसिद्ध सिल्क पटका भेंट किया।
प्रधानमंत्री का संदेश
प्रधानमंत्री ने बच्चों से अलग-अलग सत्रों में कहा कि विकसित भारत 2047 में ही संभव होगा और इसके लिए युवाओं को आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विदेशों से आने वाले उत्पादों के कम इस्तेमाल और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का भी आह्वान किया।
छात्रा चाहत ने इस अवसर को अपने जीवन का एक यादगार अनुभव बताया और कहा कि प्रधानमंत्री से सीखी गई बातें उन्हें परीक्षा और भविष्य में प्रेरणा देंगी।