चतरा। सदर थाना क्षेत्र के धमनियां मोड़ पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 80 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। तेज रफ्तार से गुजर रहे गैस सिलेंडर लदे ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान आरा गांव निवासी प्रह्लाद सिंह के रूप में हुई है। वह स्थानीय सांसद कालीचरण सिंह के चचेरे भाई बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही सांसद समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक प्रह्लाद सिंह सड़क किनारे पैदल जा रहे थे, तभी अनियंत्रित गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर थाना ले जाकर जांच शुरू कर दी है। चालक की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है।

इस अचानक हुई मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कई राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के लोग मृतक के घर पहुंचकर परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।

थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश जारी है। वहीं स्थानीय लोगों ने धमनियां मोड़ पर बार-बार हो रहे हादसों को लेकर प्रशासन से सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।