नई दिल्ली। राजधानी के कश्मीरी गेट इलाके में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। उत्तरी जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने इस वारदात में शामिल एक आरोपित को हिरासत में लिया है।

गिरफ्तार आरोपी और उसकी भूमिका
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित सोलंकी के रूप में हुई है। वह गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग का सक्रिय सदस्य बताया गया है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस रोहित सोलंकी से गहन पूछताछ कर रही है और इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इसके साथ ही घटना में इस्तेमाल हुए हथियारों को बरामद करने की कार्रवाई भी जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कई कोणों से की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपी भी गिरफ्तार हो सकते हैं।

हमला कब हुआ था
यह हमला 24 फरवरी को हुआ था। कश्मीरी गेट इलाके में कुछ बदमाशों ने लॉरेंस बिश्नोई के वकील दीपक खत्री और उनके साथियों को निशाना बनाते हुए उनकी कार पर फायरिंग की थी। गोलियों की बरसात करने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे। तब से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।