कटड़ा: बदलते मौसम के बीच बुधवार को श्री माता वैष्णो देवी की यात्रा सामान्य रूप से चलती रही। हालांकि लगातार बारिश और बादलों के कारण हेलीकॉप्टर सेवा दिनभर प्रभावित रही। शाम छह बजे तक लगभग 23,500 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कर आरएफआईडी कार्ड लेकर भवन की ओर प्रस्थान किया।
सुबह से दोपहर तक कटड़ा और त्रिकुटा पर्वत क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी जारी रही। दोपहर में कुछ समय के लिए मौसम साफ हुआ, लेकिन शाम तक फिर से बादलों का घना आवरण बन गया, जिससे बारिश की संभावना बनी रही।
बारिश के चलते हेलीकॉप्टर उड़ानें कई बार रद्द करनी पड़ीं। ऑनलाइन बुकिंग कर चुके श्रद्धालुओं को इससे असुविधा हुई, लेकिन अधिकांश लोगों ने पैदल या अन्य साधनों से यात्रा जारी रखी। बीती रात हुई बारिश के कारण हिमकोटी मार्ग पर कुछ कंकड़-पत्थर गिरने की घटनाएँ भी सामने आईं। सुरक्षा कारणों से आद्कंवारी से भवन तक बैटरी कार मार्ग को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।
हालांकि, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड और प्रशासन ने तुरंत कार्यवाही करते हुए मार्ग को साफ कर यातायात पुनः बहाल कर दिया। यात्रा मार्ग पर पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और सुरक्षा व्यवस्था सुचारु रूप से उपलब्ध रही, जिससे किसी बड़ी परेशानी की सूचना नहीं मिली।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी ऐसे ही मौसम बने रहने का अनुमान जताया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम का ध्यान रखते हुए सावधानी बरतें और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें।