केदारनाथ के लिए हेली सेवा की ऑनलाइन टिकट बुकिंग 11 अप्रैल से शुरू होगी। इस पहले चरण में 22 अप्रैल से 15 जून के बीच की यात्रा के लिए टिकट उपलब्ध होंगे। आईआरसीटीसी ने अपनी अधिकारिक वेबसाइट पर बुकिंग की जानकारी जारी कर दी है।

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकेएडा) के निर्देशों के अनुसार, आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर बुकिंग शेड्यूल अपडेट कर दिया गया है। इस वर्ष गुप्तकाशी हेलिपैड से ट्रांस भारत, चिप्सन एविएशन और फाटा से यूनाइटेड हेलीचार्टर्ड के माध्यम से शटल सेवा संचालित होगी। इसके अलावा, थुंबी से रजस एयरोस्पोर्ट्स, पीलिग्रेमेज एविएशन, सिरसी से एरो एयरक्राफ्ट और हिमालयन हेलीकॉप्टर भी सेवा प्रदान करेंगे।

सचिव नागरिक उड्डयन सचिन कुर्वे ने बताया कि इस बार सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाएगा और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि बुकिंग पोर्टल 11 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से खुल जाएगा।