झारखंड के बोकारो जिले के चास नगर निगम चुनाव के दौरान सोमवार को वार्ड 32 के मतदान केंद्र पर हिंसक घटना हुई। वन विभाग स्थित इस मतदान केंद्र पर बाहरी व्यक्तियों को प्रवेश देने को लेकर विवाद खड़ा हो गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

घटना के दौरान ड्यूटी पर तैनात एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह के साथ धक्का-मुक्की हुई और मारपीट के दौरान उन्हें चोट लगी। उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने बताया कि पूर्व पार्षद और पार्षद प्रत्याशी के पति रामाशंकर सिंह कथित रूप से कुछ बाहरी लोगों को मतदान केंद्र में जबरन प्रवेश दिलाने का प्रयास कर रहे थे। जब एसडीपीओ ने उन्हें रोका, तो विवाद बढ़ गया और आरोपी ने उन्हें मारकर घायल कर दिया। घटना में रामाशंकर के साथ आई कुछ महिलाएं भी शामिल थीं, जिन्होंने पुलिस के काम में हस्तक्षेप किया।

एसपी के नेतृत्व में पुलिस दल तुरंत मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। रामाशंकर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद मतदान केंद्र पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और मतदान प्रक्रिया को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से पुनः शुरू किया गया। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।