झारखंड सरकार को भाजपा ने कठघरे में खड़ा किया है। प्रदेश भाजपा ने गुरुवार को 20 पन्नों का 'आरोप पत्र' (Charge Sheet) जारी किया। भाजपा की झारखंड इकाई के प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने कहा, झामुमो के नेतृत्व वाली सरकार का कार्यकाल भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून व्यवस्था और अधूरे वादों से भरा है। भाजपा ने सरकार की कथित विफलताओं को उजागर करने के लिए आरोप पत्र जारी किया है।
नौकरी और बेरोजगारी भत्ते का वादा पूरा नहीं
हेमंत सोरेन की सरकार के चार साल पूरे होने से पहले राजधानी रांची में 'चार्जशीट' जारी करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा, झामुमो ने राज्य में महिलाओं और आदिवासियों को लुभाने के लिए कई वादे किए। पांच लाख नौकरियां और बेरोजगारी भत्ता देने का वादा भी किया, लेकिन वादे पूरे नहीं किए गए।
धीरज साहू के मामले का जिक्र, कुछ मामलों में सीबीआई जांच
बता दें कि सोरेन सरकार की चौथी वर्षगांठ से एक दिन पहले भाजपा सोरेन सरकार की विफलता को उजागर करने का हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। झारखंड के पहले मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा, झारखंड में भ्रष्टाचार देश में चर्चा का विषय बन गया है। कांग्रेस सांसद (धीरज साहू) और सरकारी अधिकारियों से जुड़े परिसरों से करोड़ों रुपये जब्त किए गए हैं। बड़े पैमाने पर अवैध रेत खनन हो रहा है। रेत घाटों की अनिवार्य नीलामी के बिना इसे अंजाम दिया जा रहा है। झारखंड में कोयले और पत्थर का भी अवैध खनन हो रहा है और कुछ मामलों में सीबीआई जांच चल रही है।