धनबाद। ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में स्थानीय पुलिस ने 22-23 फरवरी की रात हुई महिला की हत्या और दुष्कर्म मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में से एक धनबाद जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के शुभम कुमार हैं।

जगतसिंहपुर के पुलिस अधीक्षक अंकित वर्मा ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि 22 और 23 फरवरी की रात को एक महिला बिल्डिंग की चौथी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जिसके बाद 23 फरवरी की सुबह शिकायत मिलने पर मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान सामने आया कि यह हादसा किसी दुर्घटना का परिणाम नहीं था। प्रारंभिक जांच में यह पता चला कि शुभम कुमार ने महिला के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसे बिल्डिंग की चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया।

अगली जांच में महिला के साथी सोमनाथ ओझा का नाम भी सामने आया। 22 फरवरी की रात महिला सोमनाथ से मिलने गई थी, जहां उनकी किसी बात को लेकर बहस हो गई। इसके बाद सोमनाथ ने उसे मार्केट एरिया के पास छोड़ दिया। वहीं उसकी मुलाकात शुभम से हुई, जो पारादीप जा रहा था। महिला उसी दिशा में जा रही थी, इसलिए शुभम उसे अपने साथ ले गया।

फिर शुभम ने उसे अपने घर ले जाकर दुष्कर्म किया और उसके बाद इमारत की चौथी मंजिल से गिरा दिया। पुलिस ने जांच के दौरान शुभम के मोबाइल फोन से वयस्क वीडियो सामग्री भी बरामद की है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।