रांची के निवारणपुर इलाके में स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रांत कार्यालय पर मंगलवार देर रात हमला हुआ। अज्ञात दो युवकों ने कार्यालय परिसर के बाहर पेट्रोल बम फेंका, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
यह घटना रात करीब 12:36 बजे की बताई जा रही है और पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में दो संदिग्ध युवकों की गतिविधियां साफ देखी जा सकती हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय स्तर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल लोगों की तलाश की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है।