झारखंड के बोकारो जिले में एक 45 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी गई। उसका कथित तौर पर दूसरे समुदाय की महिला के साथ संबंध था। इसके लेकर ही वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि महुआटांड के धवैया गांव के कुछ लोग इमराज अंसारी के एक महिला के साथ संबंधों से नाखुश थे। पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार झा ने बताया कि नाखुश ग्रामीणों ने गुरुवार रात करीब आठ बजे उसकी हत्या कर दी।

उन्होंने बताया कि हत्या के सिलसिले में अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि हमने किसी भी कानून-व्यवस्था की समस्या को टालने के लिए गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत अधिक जानकारी साझा करने से इनकार करते हुए पुलिस ने कहा कि एक जांच चल रही है।