रांची। पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पाला बदलने की तैयारियों के बीच बुधवार को भी राज्य में राजनीतिक हलचल तेज रही। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पर मंत्रियों और विधायकों ने पहुंचकर ना सिर्फ एकजुटता प्रदर्शित की, बल्कि इस दौरान राज्य की ताजा राजनीतिक परिस्थितियों के अलावा विभिन्न योजनाओं पर भी विमर्श किया।

पूरे दिन मंत्रियों और विधायकों का सीएम आवास आना-जाना जारी रहा। इस दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस और भाकपा (माले) के विधायक उनसे मिलने पहुंचे। सबों ने अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों पर सीएम का ध्यान आकृष्ट दिलाया। मंत्री कुमार मिथिलेश ठाकुर और बन्ना गुप्ता भी इस दौरान मौजूद रहे। चंपई सोरेन की गतिविधियों को लेकर भी चर्चा हुई।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को कोल्हान के चार विधायकों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर एकजुटता प्रदर्शित की थी। विधायकों ने स्पष्ट कहा था कि वे मजबूती से उनके साथ खड़े हैं। चंपई के साथ जाने की संभावनाओं को सिरे से विधायकों ने नकारा।

विधायकों ने कहा - हम हेमंत सोरेन के साथ

चंपई सोरेन से जुड़े सवाल पर भाकपा (माले) के बगोदर से विधायक विनोद कुमार सिंह ने कहा कि यह पहला और अंतिम मामला नहीं है। चुनाव नजदीक आएगा और इसमें और तेजी आएगी। कोलेबिरा के कांग्रेस विधायक नमन विक्सल कोनगाडी ने कहा कि गठबंधन एकजुट है और हर परिस्थिति में एकजुट रहेगा। सभी हेमंत सोरेन के साथ हैं।

चंपई सोरेन के साथ नाम जोड़े जाने पर खिजरी के कांग्रेस विधायक राजेश कच्छप ने नाराजगी प्रकट की। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस और आईएनडीआईए के सच्चे सिपाही हैं। उनका भाजपा से दूर-दूर तक कोई नाता नहीं है। सभी को शिबू सोरेन की छाया चाहिए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उनकी काया धारण कर सबके दिल पर छाए हुए हैं। भाजपा की साजिश सफल नहीं होने देंगे।

मांडर की कांग्रेस विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि चुनाव नजदीक है। वह क्षेत्र के काम के सिलसिले में सीएम से मिलने आईं थीं।

मंत्री बन्ना गुप्ता ने भाजपा की साजिश करार दिया

राज्य सरकार के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने वर्तमान राजनीति परिस्थिति को भाजपा की साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि चंपई सोरेन को लेकर जो कहना है, वे कह चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि उन्होंने चंपई सोरेन को विभीषण करार देते हुए कहा था कि वे अपने कार्यकाल में मनमाने फैसले लेते थे। चंपई भाजपा के साथ साठगांठ कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वे किसी से नहीं डरते हैं।