झारखंड में मंगलवार शाम एक गंभीर विमान दुर्घटना हुई। रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एक एयर एंबुलेंस चतरा और सिमरिया के जंगल क्षेत्र में क्रैश हो गई। विमान से अंतिम संपर्क शाम 7:34 बजे हुआ था। इस हादसे में क्रू मेंबर समेत कुल सात लोग सवार थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे का मुख्य कारण खराब मौसम और बारिश को बताया जा रहा है।

रांची हवाई अड्डे के सूत्रों ने बताया कि विमान ने पहले अगले स्टेशन से संपर्क किया था, जिसके बाद नियंत्रण को अगले स्टेशन को सौंपा गया। इसी बीच विमान से अचानक संपर्क टूट गया और रांची एयरपोर्ट से कोई संकेत नहीं मिला। राज्य सरकार को हादसे की जानकारी दे दी गई है और सभी एसओपी के तहत खोज और राहत कार्य जारी हैं।


एयर एंबुलेंस में सवार लोग:
विमान में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें दो क्रू मेंबर और पांच परिवार के सदस्य शामिल थे। मृतकों की संभावना जताई जा रही है। यात्री इस प्रकार हैं:

  • कैप्टन विवेक विकास भगत

  • कैप्टन सवराजदीप सिंह

  • संजय कुमार

  • अर्चना देवी

  • धुरु कुमार

  • विकास कुमार गुप्ता

  • सचिन कुमार मिश्रा

स्वास्थ्य मंत्री ने जताया दुख:
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया और ट्वीट कर कहा कि सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई और हर संभव संसाधन लगाने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता सभी यात्रियों की सुरक्षित बरामदगी है और उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि राहत एवं बचाव अभियान सफल हो।

AAIB जांच करेगी हादसे की पड़ताल:
एयर एंबुलेंस दुर्घटना की जांच वायु हादसों के विशेष प्राधिकरण AAIB की टीम करेगी। विमान की आखिरी लोकेशन लातेहार और पलामू के बीच जंगल क्षेत्र में बताई गई है। मौके पर सुरक्षा एजेंसियां और स्थानीय प्रशासन अलर्ट पर हैं। संभावित क्षेत्र में खोज और बचाव अभियान पूरी तेजी से चलाया जा रहा है।