झारखंड के रांची जिले में एक गांव के पांच मंदिरों में मूर्तियों को खंडित किए जाने की घटना से नाराज लोगों ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-75) और अन्य सड़कों को जाम कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि अज्ञात लोगों ने गुरुवार रात रांची से करीब 30 किलोमीटर दूर मुड़मा गांव में मंदिरों में तोड़फोड़ की। ग्रामीणों के मुतबिक, भगवान शिव, हनुमान और एक देवता की मूर्तियों खंडित किया गया।
उन्होंने बताया, पारंपरिक हथियारों के साथ महिलाओं सहित सैकड़ों ग्रामीण सुबह करीब छह बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-75 पर एकत्र हुए और रांची व डाल्टनगंज के बीच यातायात बाधित कर दिया। उन्होंने आगे कहा, ठाकुरगांव, चान्हो और बीजूपारा में भी सड़कें अवरुद्ध हैं। खेलारी की डीएसपी अंकिता रॉय ने कहा, ,'मुड़मा गांव के पांच मंदिरों में मूर्तियों को खंडित कर दिया गया। दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। फिलहाल हमारा ध्यान सड़क से जाम हटाने पर है।' उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और ग्रामीणों को सड़कों को खाली करने के लिए राजी किया जा रहा है।
स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए रांची ग्रामीण एसपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी वहां डेरा डाले हुए हैं। पुलिस ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सुरक्षा बलों की भारी तैनाती सुनिश्चित की गई है।