राज्यपाल पहली बार मोरहाबादी में फहराएंगे तिरंगा, ‘एट होम’ कार्यक्रम गुरुजी की याद में रद्द

इस बार झारखंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह का स्वरूप कुछ खास रहेगा। 15 अगस्त को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार राजधानी रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में तिरंगा फहराएंगे। झारखंड सरकार के प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए राज्यपाल ने खुद मुख्य राजकीय कार्यक्रम की अगुवाई करने का फैसला किया है।

पहले की परंपरा के अनुसार, राज्यपाल उपराजधानी दुमका में तिरंगा फहराते थे जबकि मुख्यमंत्री मोरहाबादी मैदान में समारोह आयोजित करते थे। इस बार राज्यपाल की राजधानी में उपस्थिति समारोह को खास बना देगी।

समारोह के लिए मोरहाबादी मैदान को देशभक्ति के रंगों से सजाने की तैयारियां पूरी हो रही हैं। भव्य मंच, सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकियां और मार्चपास्ट की विस्तृत योजना बनाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूरे मैदान और आसपास क्षेत्र में कड़ी निगरानी रहेगी। डीजीपी स्तर की देखरेख के साथ पुलिस एवं अर्धसैनिक बल तैनात रहेंगे।

इसके अलावा, राज्यपाल ने पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के सम्मान में इस बार राजभवन में होने वाला पारंपरिक ‘At Home’ कार्यक्रम रद्द करने का फैसला लिया है। गुरुजी के निधन के कारण यह निर्णय लिया गया है। राज्यपाल के मोरहाबादी मैदान में ध्वजारोहण को लेकर राजधानीवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। उम्मीद है कि इस बार समारोह में भारी भीड़ जुटेगी और पूरे शहर में देशभक्ति का माहौल अधिक प्रबल होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here