मंदसौर जिले में नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के बिल्लौद के समीप शिवना नदी पर बनी पुलिया को पार करते समय सोमवार को दंपती के साथ चार महीने का बच्चा और एक 12 वर्षीय बालिका बाइक के साथ बह गए थे। उन्हें बचाने कूदा एक युवक भी बहाव में बह गया था। इनमें से बालिका यतिका को सकुशल निकाल लिया गया था। 

बता दें कि दोपहर तक गोताखोरों ने महिला और चार महीने के बच्चे के शव को खोज निकाला था। लेकिन डूंगर सिंह और बचाने के लिए कूदे बबलू मंसूरी का काफी प्रयास के बाद भी कोई पता नहीं चल पाया था। दोनों लापता लोगों में से बबलू मंसूरी के शव को एसडीईआरफ की टीम ने मंगलवार को शिवना नदी से बरामद कर लिया, लेकिन डूंगर सिंह का पता नहीं चल पाया है।

ऐसा है पूरा मामला
मंदसौर के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के बिल्लौद के समीप शिवना नदी पर बनी पुलिया को बहते पानी में पार करने के दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ने से सोमवार सुबह करीब 11 बजे डूंगर सिंह, पत्नी संगीता व बेटी यतिका और एक चार माह का बच्चा बाइक सहित बह गया था। जिन्हें बचाने के लिए नाहरगढ़ निवासी बबलू मंसूरी ने भी नदी में छलांग लगा दी थी। स्थानीय लोगों ने 12 वर्षीय बालिका यतिका को सकुशल बाहर निकाल लिया था। बाद में गोताखोरों की मदद से महिला संगीता व चार माह के बच्चे के शव को भी निकाल लिया गया था। लेकिन डूंगर सिंह और बचाने के लिए कूदे बबलू का पता नहीं चल पाया था। मंगलवार सुबह एक बार फिर एसडीईआरएफ की टीम ने सर्चिंग अभियान शुरू किया, जिसके बाद दोपहर लगभग 12 बजे बबलू मंसूरी के शव को भी शिवना नदी से एसडीईआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। वहीं, मंगलवार शाम तक भी डूंगर सिंह की खोज जारी थी।

एसडीआरएफ टीम मृतक के शव को ढूंढने के लिए नदी में सघन सर्चिंग अभियान चलाएं : कलेक्टर
मंदसौर कलेक्टर अदिती गर्ग ने नाहरगढ़ बिल्लौद शिवना पुल पर नदी के बहाव के साथ बहने वाले लोगों की दुखद घटना के संबंध निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीआरएफ अधिकारियों को निर्देश दिए की नदी में बहने वाले मृतक को ढूंढने के लिए लगातार सर्चिंग अभियान चलाएं। पुलिस विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस जवानों की पुल पर लगातार ड्यूटी लगवाएं। सीईओ जनपद पुल के दोनों तरफ जाली लगवाएं, जिससे इस तरह की कोई घटना घटित न हो।

इस दौरान कलेक्टर ने नदी में बहने वाले मृतक के परिजनों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन आपके साथ है। हर संभव सहायता की जाएगी। इसके बाद कलेक्टर नाहरगढ़ निवासी मृतक बबलू मंसूरी के घर पहुंची। कलेक्टर ने बबलू के परिजनों से संवाद किया तथा परिवारजनों को सांत्वना प्रदान की। कलेक्टर ने तहसीलदार को निर्देश देते हुए कहा कि तुरंत आरबीसी 6 (4) के तहत प्रकरण बनाकर मृतक के परिवार जनों को तुरंत राहत प्रदान करें।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मृतक के परिजनों से की चर्चा
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी आज मंदसौर प्रवास पर थे। जीतू पटवारी दोपहर को डूंगर सिंह के घर पहुंचे और परिजनों से चर्चा कर उन्हें सांत्वना दी। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा ने सिर्फ वोट पाने के लिए चुनाव के पहले ताबड़तोड़ भूमिपूजन किए, जिसमें बिल्लौद में शिवना नदी पर बनी छोटी पुलिया के स्थान पर बड़ी पुलिया के निर्माण का भी भूमिपूजन किया गया था।

लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया। सोमवार को जो हादसा हुआ है, वह हादसा नहीं हत्या है। मंगलवार दोपहर तक जब डूंगर सिंह का शव शिवना नदी से बरामद नहीं हुआ तो परिजनों ने आक्रोश व्यक्त किया। परिजनों का कहना था कि हम यहां धूप में भूखे प्यासे बैठे हैं और अधिकारी डूंगर सिंह को खोजने की दिशा में काम करने की बजाय एसी वाहनों में बैठे हैं।