नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर जिले में रविवार सुबह एक भीषण औद्योगिक हादसा हो गया। कटोल तहसील के राउलगांव स्थित एक विस्फोटक निर्माण इकाई में जोरदार धमाका हुआ, जिसमें कम से कम 15 लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना खनन और औद्योगिक उपयोग के विस्फोटक तैयार करने वाली कंपनी SBL Energy Limited के कारखाने में हुई। शुरुआती जानकारी बताती है कि विस्फोट सुबह करीब 7 से 7:15 बजे के बीच कंपनी की डेटोनेटर पैकिंग यूनिट में हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

नागपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार ने बताया कि हादसे में 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 18 कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए या घायल हुए हैं। सभी घायलों को तुरंत नागपुर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गया और मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। कंपनी के एक अधिकारी ने कहा कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और विस्तृत बयान जल्द जारी किया जाएगा। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं।