टेलीविजन रेटिंग प्वाइंट घोटाले के मामले में मुंबई पुलिस ने मंगलवार को रिपब्लिक टीवी के मुख्य संपादक अर्नब गोस्वामी के विरुद्ध दूसरा आरोपपत्र दाखिल किया। इस मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद नौ महीनों के बाद पुलिस ने अर्नब गोस्वामी का नाम चार्जशीट में शामिल किया है।

नकली टीआरपी घोटाले में रिपब्लिक टीवी के पत्रकार एवं संपादक अर्नब गोस्वामी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। मुंबई पुलिस ने अपने दूसरे आरोप पत्र में गोस्वामी को आरोपी बनाया है। मुंबई पुलिस ने मंगलवार को यहां एक अदालत के समक्ष अपना दूसरा आरोप पत्र दायर किया। इसमें पुलिस ने रिपब्लिक टीवी के प्रधान संपादक अर्नब गोस्वामी को कथित टीआरपी में हेराफेरी के मामले में आरोपी के रूप में नामित किया है।

पुलिस ने कोर्ट में 1800 पेज की सप्लीमेंटरी चार्ज शीट दाखिल की है जिसमें गोस्वामी और एआरजी आउटलायर मीडिया के साथ और 4 लोगों के नाम हैं। पुलिस ने इस मामले में अब तक 15 लोगों को दोषी बनाया है। इसमें जीन ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल (BARC) इंडिया के पूर्व सीईओओ पार्थो दासगुप्ता और रिपब्लिक टीवी के सीईओ विकास खानचंदानी का नाम भी शामिल है।

बता दें कि कथित नकली टीआरपी घोटाला पिछले साल अक्टूबर में सामने आया था जब रेटिंग एजेंसी ब्रॉडकास्ट ऑडिएंस रिसर्च काउन्सिल ने हंसा रिसर्च ग्रुप के जरिये से एक शिकायत दर्ज की थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि कुछ टेलीविजन चैनल टीआरपी में हेराफेरी कर रहे हैं।